भारत में डिजिटल पेमेंट के क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। यूपीआई के बढ़ते इस्तेमाल के बीच अब ऐसा फीचर सामने आया है, जिससे बिना बैंक अकाउंट वाले लोग भी यूपीआई के जरिए भुगतान कर सकेंगे। इस नई सुविधा का नाम ‘यूपीआई सर्किल’ है, जिसे गूगल पे ने ‘पॉकेट मनी’ फीचर के रूप में पेश किया है। इसके जरिए कोई भी यूजर अपने बैंक खाते से किसी अन्य व्यक्ति को पेमेंट करने की अनुमति दे सकता है।
परिवार के लिए आसान हुआ डिजिटल भुगतान
यह सुविधा खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जिनके घर में बच्चे, बुजुर्ग या सहायक हैं और उनका खुद का बैंक अकाउंट नहीं है। ऐसे में अब मुख्य यूजर अपने खाते से उन्हें भुगतान करने की अनुमति दे सकता है, जिससे डिजिटल लेन-देन और आसान हो जाएगा।
यूजर के हाथ में रहेगा पूरा कंट्रोल
इस फीचर की सबसे खास बात यह है कि इसमें सुरक्षा और नियंत्रण का पूरा ध्यान रखा गया है। मुख्य यूजर (Primary User) सेकेंडरी यूजर के खर्च की सीमा तय कर सकता है या हर ट्रांजैक्शन को मैन्युअली अप्रूव करने का विकल्प भी चुन सकता है। यानी बिना अनुमति कोई भुगतान नहीं हो सकेगा, जिससे धोखाधड़ी की आशंका कम हो जाती है।
ऐसे करें Google Pay पर सेटअप
गूगल पे ऐप में इस फीचर को शुरू करने के लिए यूजर को प्रोफाइल सेक्शन में जाकर ‘UPI Circle’ और फिर ‘Set up pocket money’ विकल्प चुनना होगा। इसके बाद उस व्यक्ति का नाम या मोबाइल नंबर चुनकर उसका क्यूआर कोड स्कैन करना होता है। फिर यूजर अपनी सुविधा के अनुसार लिमिट या अप्रूवल सेट कर सकता है और UPI PIN डालकर इनवाइट भेज सकता है।
पहचान सत्यापन है जरूरी
सरकारी नियमों और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सेकेंडरी यूजर की पहचान सत्यापित करना अनिवार्य है। इसके लिए आधार नंबर और रिश्ते जैसी जानकारी देनी होती है। बैंक इन जानकारियों को रिकॉर्ड में रखता है, ताकि भविष्य में किसी भी संदिग्ध ट्रांजैक्शन को ट्रैक किया जा सके।
डिजिटल पेमेंट को मिलेगा नया विस्तार
2016 में लॉन्च हुए यूपीआई ने भारत में भुगतान के तरीके को पूरी तरह बदल दिया है। अब ‘UPI Circle’ जैसे फीचर्स के आने से यह सिस्टम और ज्यादा व्यापक और उपयोगी बनता जा रहा है, जिससे डिजिटल इंडिया की दिशा में एक और मजबूत कदम माना जा रहा है।
READ MORE: 50 लाख की लूट का फिल्मी अंदाज में खुलासा, बियर पीकर जश्न मनाने में मग्न आरोपी, पुलिस ने सिंघम अंदाज में किया एनकाउंटर