NGO Job Scam: लखनऊ में नौकरी दिलाने के नाम पर बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है, जहां NGO में काम और मोटी सैलरी का लालच देकर करीब 150 युवाओं से लगभग एक करोड़ रुपये ठग लिए गए। इस ठगी का खुलासा तब हुआ, जब ट्रेनिंग और जॉइनिंग के बाद युवाओं को फील्ड में भेजा गया और वहां पूरा मामला फर्जी निकला।
सरकारी प्रोजेक्ट का झांसा
आरोपियों ने खुद को स्वास्थ्य विभाग से जुड़ा बताकर ‘बेक फाउंडेशन’ और ‘जीवन पथ फाउंडेशन’ के नाम से भर्ती प्रक्रिया शुरू की। दावा किया गया कि उन्हें टीबी जागरूकता अभियान के तहत बड़ा प्रोजेक्ट मिला है, जिसमें युवाओं की जरूरत है। सैलरी 31,500 रुपये से लेकर 90,000 रुपये तक बताई गई, जिससे बेरोजगार युवक-युवतियां आकर्षित हो गए। गोरखपुर, देवरिया और महाराजगंज समेत कई जिलों से आए युवाओं से रजिस्ट्रेशन, ट्रेनिंग और सिक्योरिटी के नाम पर 90 हजार से लेकर 1.10 लाख रुपये तक जमा कराए गए। इस तरह करीब 150 लोगों से लगभग एक करोड़ रुपये वसूले गए।
होटल में ट्रेनिंग
विश्वास दिलाने के लिए आरोपियों ने महानगर इलाके के एक होटल में बाकायदा ट्रेनिंग कराई। यहां प्रेजेंटेशन के जरिए काम समझाया गया और टीम बनाकर फील्ड में काम करने की बात कही गई। ट्रेनिंग के बाद युवाओं को नियुक्ति पत्र भी दिए गए, जिससे किसी को शक नहीं हुआ। लेकिन जब युवाओं को उनके जिलों में काम शुरू करने भेजा गया, तो संबंधित विभागों ने साफ कर दिया कि ऐसा कोई प्रोजेक्ट नहीं है और इन संस्थाओं का कोई आधिकारिक रिकॉर्ड भी नहीं है।
देखते ही नेटवर्क हुआ गायब
सच्चाई सामने आने के बाद जब पीड़ितों ने आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की, तो सभी मोबाइल नंबर बंद मिले। विकास नगर स्थित दफ्तर पर भी ताला लटका मिला। देखते ही देखते पूरा नेटवर्क गायब हो गया। इस घटना से प्रभावित कई युवा ऐसे हैं, जिन्होंने नौकरी के लिए कर्ज लिया या परिवार से पैसे जुटाए थे। अब उनके सामने अपनी रकम वापस पाने की चुनौती खड़ी हो गई है।
पुलिस ने किया केस दर्ज
पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने विकासनगर थाने में तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं। इस मामले ने एक बार फिर नौकरी के नाम पर होने वाले फर्जीवाड़े को उजागर कर दिया है, जिससे युवाओं को सतर्क रहने की जरूरत है।
Read More:
हैदराबाद में आग से मची तबाही! मिनटों में जलकर राख हुआ केमिकल वेयरहाउस, लोगों में फैली दहशत

