Himachal Weather Alert: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है, जिससे हालात चिंताजनक हो गए हैं। अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के पास हिमस्खलन का खतरा बढ़ने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर पर्यटकों और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। अधिकारियों के अनुसार, टनल के आसपास की पहाड़ियां, चंद्रा ब्रिज और उससे जुड़ा इलाका बेहद संवेदनशील हो गया है।
संवेदनशील इलाकों में एंट्री पूरी तरह बंद
प्रशासन ने साफ निर्देश दिए हैं कि इस क्षेत्र में किसी भी तरह की आवाजाही की अनुमति नहीं होगी। साथ ही ठेले-फेरी, अस्थायी दुकानें, फोटो प्वाइंट और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों पर भी रोक लगा दी गई है, ताकि आपात स्थिति में राहत कार्य और ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित न हो।
5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। शुक्रवार को शिमला समेत कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि ने मौसम को और बिगाड़ दिया।
कई जिलों में येलो अलर्ट
ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए 3 और 4 अप्रैल को येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 5 और 6 अप्रैल को भी कई क्षेत्रों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है। 7 अप्रैल को भी राज्य के मैदानी इलाकों में ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है।
पर्यटन स्थलों पर बारिश-बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 3 से 6 अप्रैल के बीच मनाली, कुफरी, नारकंडा, सोलंग वैली और सिस्सू जैसे पर्यटन स्थलों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके पीछे सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ को मुख्य कारण बताया गया है।
आने वाले दिनों में और बढ़ेगा असर
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 7 से 9 अप्रैल के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे राज्य में व्यापक स्तर पर बारिश और बर्फबारी होगी। इससे तापमान में गिरावट आएगी और जनजीवन पर असर पड़ सकता है।
Read More:

