Himachal Pradesh Weather: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी और निचले इलाकों में मूसलाधार बारिश के चलते कई जगह लैंडस्लाइड की घटनाएं सामने आई हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि लाहौल और स्पीति का संपर्क बाकी दुनिया से कट गया है।
हिमाचल में भारी बर्फबारी
अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ और साउथ पोर्टल पर ढाई फीट से अधिक ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है, जबकि रोहतांग और शिंकुला दर्रों में करीब तीन फीट बर्फ गिरी है। किन्नौर के कल्पा, सांगला और छितकुल जैसे क्षेत्रों में 3 से 5 इंच तक बर्फबारी हुई है।
कुल्लू-मनाली में लगातार बारिश
कुल्लू और मनाली में लगातार बारिश के बाद कई जगह भूस्खलन हुआ है। डोहलूनाला के पास हाईवे को खतरा पैदा हो गया है, जबकि मणिकर्ण रोड पर मलबा आने से यातायात बाधित हो गया। कई वाहन मलबे में फंस गए। मनाली के अलेऊ क्षेत्र में सड़क पर बड़ी चट्टान गिरने से ट्रैफिक प्रभावित हुआ। वहीं कुल्लू के इनर अखाड़ा इलाके में पहाड़ दरकने के कारण पांच-छह मकानों को खाली कराना पड़ा।
स्कूल की दीवार गिरी
बारिश का असर बुनियादी ढांचे पर भी दिख रहा है। कुल्लू के डोभा में एक स्कूल की सुरक्षा दीवार गिर गई, जिससे भवन को खतरा पैदा हो गया है। पतलीकूहल-हलाण मार्ग धंसने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
राज्य के कई हिस्सों में भारी वर्षा दर्ज
राज्य के कई हिस्सों में भारी वर्षा दर्ज की गई है। मनाली में 57 मिमी, पालमपुर में 49.2 मिमी, शिमला में 29.3 मिमी, मंडी में 26.8 मिमी, सियोबाग में 39 मिमी और कसौली में 30 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। शिमला में सुबह कुछ देर राहत के बाद फिर लगातार बारिश जारी है।
प्रदेश में कड़ाके की ठंड लौटी
मौसम में आए इस बदलाव से प्रदेश में कड़ाके की ठंड लौट आई है। सात शहरों में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है, जबकि कई जगह अधिकतम तापमान सामान्य से 12 डिग्री तक कम दर्ज किया गया है।
कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मंडी, शिमला और सिरमौर में भारी बारिश, ओलावृष्टि, बिजली गिरने और 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
24-25 मार्च को मौसम साफ रहने की उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते यह स्थिति बनी हुई है, जो कल से कमजोर पड़ेगा। हालांकि 23 मार्च को ऊंचे इलाकों में फिर हल्की बर्फबारी और बारिश हो सकती है। 24 और 25 मार्च को मौसम साफ रहने की उम्मीद है, जबकि 26 मार्च को एक बार फिर मौसम बदल सकता है।
तापमान में भारी गिरावट दर्ज हुई
लगातार हो रही बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। ऊना में अधिकतम तापमान सामान्य से 12.2 डिग्री गिरकर 17.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। भुंतर, सुंदरनगर, मंडी और सोलन में भी तापमान में 8 से 10 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। कुल मिलाकर, हिमाचल प्रदेश में मौसम की मार ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है और प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
Read More:
19 राज्यों में तूफानी बारिश का अलर्ट, तेज तूफान और आंधी की संभावना

