Sunday, March 1, 2026
Home Current News नागपुर की विस्फोटक कंपनी में बड़ा धमाका, 17 लोगों की मौत

नागपुर की विस्फोटक कंपनी में बड़ा धमाका, 17 लोगों की मौत

Nagpur Blast
Advertisement

महाराष्ट्र के नागपुर(Nagpur Blast) जिले से एक दर्दनाक औद्योगिक हादसे की खबर सामने आई है। कटोल तहसील के राउलगांव इलाके में स्थित विस्फोटक निर्माण इकाई में हुए भीषण धमाके के बाद फैक्ट्री में आग लग गई, जिसमें कम से कम 17 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

फैक्ट्री में मौजूद थे 34 कर्मचारी

घटना के समय परिसर में 32 मजदूर और 2 सुपरवाइजर मौजूद थे। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कंक्रीट से बनी इमारत का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। आग और धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया, जबकि धमाके की आवाज कई किलोमीटर तक सुनी गई।

सुबह हुआ जोरदार विस्फोट

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धमाका सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच हुआ। हादसा उस समय हुआ जब फैक्ट्री परिसर में गनपाउडर, डेटोनेटर और अन्य विस्फोटक सामग्री का निर्माण कार्य चल रहा था। बताया जा रहा है कि तार को डेटोनेटर से जोड़ने की प्रक्रिया के दौरान विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग ने तेजी से पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।

राहत और बचाव कार्य जारी

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव दल लगातार प्रयास कर रहे हैं।

फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सुरक्षा मानकों में कहीं कोई चूक तो नहीं हुई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। अधिकारी हालात पर काबू पाने और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कह रहे हैं।

यह भी पढ़ें : पंजाब की कृषि अर्थव्यवस्था में बड़ी छलांग, सरकार ने 300 करोड़ रुपये का पशु चारा प्लांट किया शुरू…