Thursday, February 19, 2026
HomeCurrent Newsजलगांव रेल हादसा: आग की अफवाह से मची भगदड़, अब तक 13...

जलगांव रेल हादसा: आग की अफवाह से मची भगदड़, अब तक 13 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के जलगांव जिले में बुधवार शाम मुंबई पुष्पक एक्सप्रेस ट्रेन में आग लगने की अफवाह के बाद यात्रियों में भगदड़ मच गई। ट्रेन में सवार यात्री आग के डर से आनन-फानन में बगल की पटरियों पर कूदने लगे। इस दौरान दुर्भाग्य से विपरीत दिशा से एक और ट्रेन आ रही थी। ऐसे में कुछ यात्री उस ट्रेन की चपेट में आ गए। अधिकारियों ने जानकारी दी है कि इस हादसे में कम से कम 13 यात्रियों की मौत हो गई है।

यह हादसा उत्तर महाराष्ट्र के जलगांव जिले के पचोरा कस्बे के पास माहेजी और परधाड़े स्टेशन के बीच हुआ। ट्रेन संख्या 12533 ​​लखनऊ-मुंबई पुष्पक एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह थी। जान बचाने के लिए यात्री बगल की पटरियों पर कूद गए और बेंगलुरु से दिल्ली जा रही कर्नाटक एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। सेंट्रल रेलवे के मुताबिक इस हादसे में करीब 15 यात्री घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

PM ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की

हालांकि रेलवे बोर्ड के सूचना एवं प्रचार विभाग के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने ट्रेन के अंदर आग लगने की बात से इनकार किया है। उन्होंने कहा, ‘हमें जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक कोच में कोई चिंगारी या आग नहीं देखी गई।’ लेकिन इन सबके बावजूद सवाल यह है कि अगर आग नहीं लगी थी, तो अफवाह कैसे उड़ी, इतने लोग अपनी जान जोखिम में डालने को क्यों मजबूर हुए? फिलहाल रेलवे के अधिकारी हादसे के पीछे की असली वजह का पता लगाने में जुटे हैं।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे में मारे गए यात्रियों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। पीएमओ ने पीएम मोदी के हवाले से एक्स-पोस्ट में लिखा, ‘महाराष्ट्र के जलगांव में रेलवे ट्रैक पर हुए दुखद हादसे से दुखी हूं। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। अधिकारी प्रभावित लोगों को हर संभव मदद मुहैया करा रहे हैं।’

डणवीस ने की आर्थिक सहायता देने की घोषणा

वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्विट्जरलैंड के दावोस से एक वीडियो जारी कर इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा, ‘जलगांव जिले के पचोरा के पास एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना में लोगों की जान चली गई, जो बेहद दुखद है, मैं उन्हें श्रद्धांजलि देता हूं।’ उन्होंने इस त्रासदी में मारे गए यात्रियों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘महाराष्ट्र के जलगांव में हुई रेल दुर्घटना बेहद दुखद है। मैंने इस संबंध में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से बात की और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय प्रशासन घायलों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। मैं इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने क्या कुछ कहा?

स्विट्जरलैंड में मौजूद केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी हादसे पर दुख जताया है। रेलवे बोर्ड की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ‘रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने रेलवे बोर्ड के चेयरमैन और अन्य अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ली और सभी घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। रेलवे बोर्ड ने अलग से मृतकों के परिजनों को डेढ़-डेढ़ लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 50 हजार रुपये और मामूली रूप से घायलों को 5 हजार रुपये देने की घोषणा की है।’

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments