आइची-नागोया में एशियन गेम्स 2026 की शुरुआत भव्य ओपनिंग सेरेमनी के साथ हो गई। पालोमा मिजुहो स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में एशिया के अलग-अलग देशों से पहुंचे खिलाड़ी और अधिकारी शामिल हुए। भारतीय दल ने भी पूरे उत्साह के साथ मार्च किया। दो ओलंपिक पदक जीत चुकीं शूटर मनु भाकर और स्टार कबड्डी खिलाड़ी पवन सेहरावत हाथों में तिरंगा लेकर भारतीय दल की अगुआई करते नजर आए।
501 खिलाड़ी करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व
इस बार एशियन गेम्स में भारत की ओर से 501 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। भारतीय खिलाड़ी 36 खेलों में पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे। दल में 260 से अधिक पुरुष और 230 से ज्यादा महिला खिलाड़ी शामिल हैं। 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी भारतीय दल के सबसे युवा खिलाड़ी हैं, जबकि 55 वर्षीय घुड़सवार श्रुति वोरा सबसे उम्रदराज हैं। इस तरह दल में करीब 40 साल का उम्र का अंतर है। भारत हांगझोउ 2022 के 107 पदकों के रिकॉर्ड प्रदर्शन को दोहराने की चुनौती के साथ उतरा है। सात खेलों में लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालिफिकेशन का मौका भी जुड़ा है।
मनु और पवन ने लहराया तिरंगा
उद्घाटन समारोह में भारतीय दल की एंट्री आकर्षण का केंद्र रही। मनु भाकर और पवन सेहरावत तिरंगा थामे सबसे आगे चले, जबकि उनके पीछे भारतीय खिलाड़ी और अधिकारी मार्च करते हुए स्टेडियम में पहुंचे। मनु भाकर की यह एशियन गेम्स में तीसरी भागीदारी है। वह पेरिस ओलंपिक में दो पदक जीत चुकी हैं। वहीं पवन सेहरावत हांगझोउ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय कबड्डी टीम का हिस्सा थे।
तजिंदर तूर की जगह पवन को मिला मौका
पहले पुरुष फ्लैग-बेयरर के लिए शॉटपुट खिलाड़ी तजिंदरपाल सिंह तूर का नाम तय था। हालांकि समारोह की किट से जुड़ी तकनीकी समस्या के चलते आखिरी समय में पवन सेहरावत को उनकी जगह यह जिम्मेदारी दी गई। तूर भारत की पदक उम्मीदों में शामिल हैं और शॉटपुट में चुनौती पेश करेंगे।
जापान के सम्राट ने किया उद्घाटन
समारोह के दौरान जापान के सम्राट नारुहितो ने 20वें एशियन गेम्स के आधिकारिक उद्घाटन की घोषणा की। कार्यक्रम में 45 देशों और क्षेत्रों के खिलाड़ी और अधिकारी मौजूद रहे। जापान ने पारंपरिक संगीत और नृत्य के साथ समारोह की शुरुआत की। अब भारतीय खिलाड़ी अलग-अलग खेलों में पदक के लिए उतरेंगे। हांगझोउ 2023 में भारत ने 107 पदक जीते थे, जिनमें 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41 कांस्य पदक शामिल थे।
Read More
नरेला में हेड कांस्टेबल ने पत्नी की हत्या के बाद की आत्महत्या, फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

