प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी(PM Modi) सेशेल्स की आधिकारिक यात्रा के लिए भारत से रवाना हो चुके हैं। उनका यह दौरा कई मायनों में अहम माना जा रहा है आपको बता दें कि इस दौरे के दौरान उनकी मुलाकात दुनिया के सबसे ज्यादा उम्र के जीवित बुजुर्ग जीव जोनाथन से होगी जो लगभग 194 वर्ष का एक विशाल कछुआ है। खास बात ये है कि ये कछुआ सेशेल्स की पहचान बन चुका है और दुनियाभर के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र भी है।
दो सदियों को देख चुका जोनाथन
जोनाथन एक विशाल एल्डाब्रा कछुआ है जिसका जन्म सन् 1832 के आसपास का बताया जाता है। इसी आधार पर उसकी उम्र लगभग 194 वर्ष की मानी जाती है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने उसे दुनिया का सबसे बुजुर्ग जीवित स्थलीय जानवर माना है। अपने लंबे जीवन में जोनाथन ने दुनिया को बदलते हुए देखा है। उसने कई ऐतिहासिक दौर, सामाजिक परिवर्तन और पीढ़ियों का सफर देखा है जो उसे प्रकृति का एक अनोखा जीव बनाता है।
अधिक उम्र के बावजूद भी पूरी तरह सक्रिय
इतनी ज्यादा उम्र होने के बावजूद जोनाथन की सेहत आज भी अच्छी है। पशु चिकित्सकों की नियमित देखभाल और संतुलित आहार ने उसकी सेहत बनाए रखने में एक बड़ी भूमिका निभाई है। हालांकि उम्र के कारण उसकी आंखों की रोशनी मोतियाबिंद से प्रभावित हुई है और सूंघने की क्षमता भी पहले जैसी नहीं रही लेकिन फिर भी वह सामान्य रूप से चलता-फिरता है और पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
PM मोदी बॉटनिकल गार्डन में लगाएंगे पौधा
PM मोदी अपनी यात्रा के दौरान सेशेल्स नेशनल बॉटनिकल गार्डन भी जाएंगे। यहां वे जोनाथन से मुलाकात करने के साथ एक पौधारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यह पहल पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और टिकाऊ भविष्य के प्रति भारत और सेशेल्स की साझा प्रतिबद्धता का संदेश देगी।
भारत-सेशेल्स संबंधों के लिए महत्वपूर्ण दौरा
यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस अवसर पर PM मोदी को सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’ के रूप में आमंत्रित किया गया है। दौरे के दौरान दोनों देशों के नेताओं के बीच समुद्री सुरक्षा, ब्लू इकोनॉमी, जलवायु परिवर्तन से निपटने, क्षमता निर्माण और विकास सहयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। इस यात्रा को दोनों देशों के रणनीतिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी(PM Modi) शनिवार की सुबह सेशेल्स(Seychelles) की तीन दिवसीय यात्रा के लिए रवाना हो चुके हैं। सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक...