पंजाब को नशामुक्त बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान शनिवार को लुधियाना से राज्यव्यापी ‘सूरमा’ मुहिम की शुरुआत करेंगे। नशा विरोधी इस विशेष अभियान का शुभारंभ श्री गुरु नानक भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान किया जाएगा। पंजाब सरकार का लक्ष्य नशे से बाहर निकल चुके युवाओं को सम्मानित कर उन्हें समाज के लिए प्रेरणा बनाना है।
नशे को हराने वाले युवाओं को मिलेगा सम्मान
इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वे युवा होंगे जिन्होंने नशे की लत छोड़कर नई जिंदगी शुरू की है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ऐसे युवाओं को ‘सूरमा’ के रूप में सम्मानित करेंगे। बता दें कि ये सभी युवा कभी नशे की गिरफ्त में थे, लेकिन अब पूरी तरह इससे बाहर निकलकर सामान्य जीवन जी रहे हैं। मान सरकार के मुताबिक, इनमें से कुछ युवा मेहनत-मजदूरी कर रहे हैं, जबकि कुछ छोटे कारोबार के जरिए अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। लुधियाना में इस सम्मान के जरिए सरकार यह संदेश देना चाहती है कि इच्छाशक्ति और सही मार्गदर्शन से नशे जैसी समस्या पर जीत हासिल की जा सकती है।
नशे के खिलाफ युवाओं को प्रेरित करना – पंजाब सरकार
‘सूरमा’ अभियान का मकसद सिर्फ सम्मान समारोह आयोजित करना नहीं, बल्कि उन युवाओं को प्रेरित करना है जो अभी भी नशे की गिरफ्त में हैं। सरकार का कहना है कि नशा छोड़ने वालों को समाज में सम्मान और सहयोग मिलना चाहिए, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ नई शुरुआत कर सकें।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
लुधियाना के श्री गुरु नानक भवन में होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। कार्यक्रम में कई कैबिनेट मंत्री, विधायक और वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी शामिल होंगे। पंजाब सरकार का मानना है कि ‘सूरमा’ मुहिम राज्य में नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने और युवाओं को सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करने में अहम भूमिका निभाएगी।
Read More
सेशेल्स दौरे के लिए रवाना हुए PM मोदी, दुनिया के सबसे बुजुर्ग जीव जोनाथन से करेंगे मुलाकात

