Halwara Airport: पंजाब के लुधियाना और आसपास के इलाकों के लोगों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। शुक्रवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट हलवारा एयरपोर्ट पहुंची। इसके साथ ही हलवारा एयरपोर्ट से नियमित उड़ान सेवा की औपचारिक शुरुआत हो गई। हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 फरवरी को इस एयरपोर्ट का वर्चुअल उद्घाटन किया था, लेकिन उड़ानों के शेड्यूल में बदलाव के चलते सेवा शुरू होने में देरी हुई।
रोजाना चलेंगी दो फ्लाइट्स
अब एयर इंडिया हलवारा और दिल्ली के बीच रोजाना दो फ्लाइट्स संचालित करेगी। यात्रियों को दिल्ली और हलवारा के बीच बेहतर एयर कनेक्टिविटी मिलेगी। दिल्ली से हलवारा का सफर करीब 1 घंटा 15 मिनट में पूरा होगा। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अनुसार यात्रियों को उड़ान समय से कम से कम 90 मिनट पहले एयरपोर्ट पहुंचना अनिवार्य होगा। तय समय के बाद किसी भी यात्री को एयरपोर्ट के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
पहली फ्लाइट में रहे कई नेता
शुक्रवार सुबह दिल्ली से हलवारा पहुंची पहली फ्लाइट में केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, राज्यसभा सांसद राजेंद्र गुप्ता और विक्रमजीत सिंह समेत भाजपा के कई नेता और आम यात्री मौजूद रहे। वहीं हलवारा से दिल्ली रवाना हुई फ्लाइट में भी बड़ी संख्या में यात्रियों ने सफर किया।
कारोबार को मिलेगा बड़ा फायदा
नई उड़ान सेवा शुरू होने से लुधियाना के उद्योग और व्यापार क्षेत्र को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। खासतौर पर होजरी और मैन्युफैक्चरिंग कारोबार से जुड़े व्यापारियों को दिल्ली के जरिए मुंबई, कोलकाता और अन्य बड़े शहरों तक पहुंचने में आसानी होगी। उद्योगपतियों का मानना है कि बेहतर एयर कनेक्टिविटी से निवेश बढ़ेगा और व्यापारिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी।
क्षेत्र के लोगों को मिलेगी राहत
हलवारा एयरपोर्ट के शुरू होने से अब लोगों को दूसरे शहरों के एयरपोर्ट पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे समय की बचत होगी और यात्रा पहले के मुकाबले अधिक सुविधाजनक बनेगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि एयरपोर्ट शुरू होने से क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
Read More:

