CM Yogi Maharajganj Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को महाराजगंज जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री जिले को 208 करोड़ रुपये से अधिक की 79 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं में कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जायेगा है। मुख्यमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे और कई सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं टूलकिट बाटेंगे।
सोशल मीडिया पर दी जानकारी
सीएम योगी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दौरे की जानकारी शेयर करते हुए कहा कि महाराजगंज की धरती पर विकास, विश्वास और जनकल्याण के नए अध्याय को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार आत्मनिर्भरता और सशक्तीकरण के लक्ष्य को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि गोरखपुर में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में भी वह हिस्सा लेंगे और विकसित उत्तर प्रदेश को लेकर बातचीत करेंगे।
आज महराजगंज की पावन धरती पर ₹208 करोड़ से अधिक लागत की 79 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास के माध्यम से विकास, विश्वास और जनकल्याण के नए अध्याय को गति प्राप्त होगी।
इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति-पत्र एवं टूलकिट वितरण के साथ…
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 15, 2026
नौतनवा में होगा मुख्य कार्यक्रम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम नौतनवा विधानसभा क्षेत्र में होगा, जो भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटा इलाका है। जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री सुबह करीब 11 बजे नौतनवा पहुंचेंगे। यहां वह स्थानीय विधायक ऋषि त्रिपाठी के नव-निर्मित आवास पर आयोजित गृहभोज और सुंदरकांड कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम स्थल को 7 जोन और 21 सेक्टर में बांटा गया है ताकि सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा सके। सुरक्षा ड्यूटी में एक अपर पुलिस अधीक्षक, 8 क्षेत्राधिकारी (CO), 18 प्रभारी निरीक्षक, 14 निरीक्षक, 150 उपनिरीक्षक और 650 मुख्य आरक्षी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 60 महिला आरक्षी, 18 फायर ब्रिगेड टीमें और दो कंपनी PAC बल भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए हैं।
नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर के करीब होने के कारण सीमावर्ती इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार संवेदनशील क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। प्रशासन की ओर से बॉर्डर क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
गोरखपुर में भी करेंगे कार्यक्रम
महाराजगंज दौरे के बाद मुख्यमंत्री गोरखपुर जाएंगे। यहां वह प्रबुद्धजन सम्मेलन में शामिल होंगे और अमृत 2.0 योजना के तहत चल रही परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे। सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं से शहरी विकास और बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
Read More:
हैदराबाद आ रही फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी पर मचा हड़कंप, जांच में जुटी सुरक्षा एजेंसियां

