Kulgam Encounter Latif Bhat Killed: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार, 16 नवंबर को कुलगाम के लारू इलाके में हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादी मारे गए। इनमें वांछित आतंकी मोहम्मद लतीफ भट भी शामिल है। उसका नाम 11 नवंबर को कुलगाम में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की सुरक्षा चौकी पर हुए हमले की जांच में सामने आया था। इस हमले में तीन सीआरपीएफ जवान घायल हुए थे। इसके बाद से ही सुरक्षाबल उसकी तलाश में जुटे थे।
कौन था आतंकी लतीफ भट?
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, मोहम्मद लतीफ भट कुलगाम जिले के ख्रेवान चाडर (नई बस्ती) का रहने वाला था। वह पहले कॉलेज में पढ़ाई करता था, लेकिन बाद में उसने पढ़ाई छोड़ दी और स्थानीय स्तर पर बढ़ई का काम करने लगा। नवंबर 2025 में वह अचानक अपने घर से लापता हो गया था। करीब 19 नवंबर 2025 को उसके परिवार ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद उसके लश्कर-ए-तैयबा में शामिल होने की जानकारी सामने आई।
पुलिस के मुताबिक, लतीफ दक्षिण कश्मीर में सक्रिय था और कई आतंकी घटनाओं में उसकी भूमिका की जांच की जा रही थी। सुरक्षा एजेंसियां उसे इलाके में सक्रिय लश्कर नेटवर्क का अहम सदस्य मान रही थीं।
11 नवंबर को CRPF चौकी पर हमले में आया था नाम
11 नवंबर को कुलगाम के अखरन इलाके में मीर बाजार के पास आतंकियों ने सीआरपीएफ की सुरक्षा चौकी को निशाना बनाया था। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे। शुरुआती जांच में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी लतीफ भट का नाम सामने आया था। घायल जवानों को उसकी तस्वीर दिखाई गई थी, जिसके बाद उन्होंने उसकी पहचान हमलावरों में से एक के रूप में की थी।
इस हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उसकी तलाश तेज कर दी थी। जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही थी कि हमलावरों को स्थानीय स्तर पर किन लोगों ने मदद पहुंचाई थी।
शोपियां में पहले भी सुरक्षाबलों को चकमा देकर भागा था
बताया जाता है कि जुलाई 2026 में शोपियां में चलाए गए एक सुरक्षा अभियान के दौरान लतीफ भट बच निकलने में कामयाब रहा था। उस समय उसका संपर्क जाकिर अहमद गनी से भी था। गनी जुलाई में शोपियां में हुई मुठभेड़ के दौरान मारा गया था। इसके बाद से सुरक्षा एजेंसियां लतीफ की तलाश में जुटी थीं।
छह दिन से चल रहा था सर्च ऑपरेशन
कुलगाम हमले के बाद आतंकियों को पकड़ने के लिए सुरक्षाबलों ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया। विभिन्न इलाकों में घेराबंदी कर घरों, आसपास के कमरों, बागों और घनी झाड़ियों तक की तलाशी ली गई। आतंकियों के छिपने के संभावित ठिकानों और हथियारों की तलाश के लिए ड्रोन, खोजी कुत्तों और मेटल डिटेक्टरों की मदद ली गई।
इस दौरान दक्षिण कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में 500 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई। जांच एजेंसियां आतंकियों के मददगारों और उनके नेटवर्क का पता लगाने में भी जुटी थीं।
लतीफ भट के मारे जाने को कुलगाम हमले की जांच में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। हालांकि, उसके साथ मारे गए दूसरे आतंकी की भूमिका और हमले से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जांच जारी है।
Read More:
महाराष्ट्र के उरण के गोदाम में लगी भीषण आग! धुएं के गुबार से इलाके में मचा हड़कंप

