HomeBreaking Newsपंजाब में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, आजादी की लड़ाई...

पंजाब में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, आजादी की लड़ाई में पंजाबियों का योगदान सबसे बड़ा – CM मान 

पंजाब और चंडीगढ़ में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित परेड ग्राउंड में पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने तिरंगा फहराया। वहीं लुधियाना में वित्त मंत्री हरपाल चीमा, पठानकोट में फूड सप्लाई मंत्री लालचंद कटारूचक्क और जालंधर में मंत्री मोहिंदर भगत ने ध्वजारोहण किया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने फिरोजपुर के कैंट बोर्ड स्टेडियम में तिरंगा फहराया। इससे पहले उन्होंने पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर के साथ हुसैनीवाला स्थित शहीद स्मारक पर पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राज्य में पहली बार सरकारी कार्यक्रम में वंदे मातरम् का गायन भी किया गया।

आजादी की लड़ाई में पंजाबियों का योगदान सबसे बड़ा – CM मान

CM भगवंत सिंह मान ने अपने संबोधन में पंजाब के स्वतंत्रता संग्राम और देश की सुरक्षा में योगदान को याद किया। उन्होंने कूका, गदर और बब्बर अकाली आंदोलनों के साथ शहीद भगत सिंह, ऊधम सिंह और करतार सिंह सराभा को नमन किया। CM मान ने कहा कि पड़ोसी देश की ओर से थोपी गई जंग में भी पंजाब के जवान हमेशा सबसे आगे रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की धरती ने देश के लिए कुर्बानी देने वाले महान योद्धाओं को अपनी गोद में समाया है। सारागढ़ी के 21 शहीद सिख सैनिकों को भी उन्होंने श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने हुसैनीवाला में करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे शहीदी कॉम्प्लेक्स का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पंजाब के भाईचारे को तोड़ने की कोशिश करने वाली ताकतें कभी कामयाब नहीं होंगी। 1947 के विभाजन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उस त्रासदी में सबसे बड़ी कीमत पंजाब ने चुकाई।

स्थापित किए 1100 आम आदमी क्लीनिक

CM मान ने सरकार की स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि पंजाब में अब 1,100 आम आदमी क्लीनिक हैं, जहां अब तक 5.25 करोड़ से ज्यादा OPD हो चुकी हैं। उन्होंने दावा किया कि स्वास्थ्य सेवाओं से मिलने वाले आंकड़ों के जरिए सरकार को अलग-अलग क्षेत्रों में बीमारियों की स्थिति समझने में मदद मिल रही है।

शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धि बताते हुए मान ने कहा कि इस बार पंजाब के सरकारी स्कूलों के 882 बच्चों ने NEET परीक्षा पास की है। उनके मुताबिक, पहले सरकारी स्कूलों से करीब 40 बच्चे ही NEET क्वालिफाई कर पाते थे। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब प्राथमिक शिक्षा की रैंकिंग में 27वें स्थान से पहले स्थान पर पहुंच गया है।

मांवा धीयां सत्कार योजना का किया जिक्र

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ‘मांवा धीयां सत्कार योजना’ का जिक्र करते हुए कहा कि अब तक 74 लाख महिलाओं का रजिस्ट्रेशन हो चुका है और 2,274 करोड़ रुपये की राशि जारी की जा चुकी है। उन्होंने महिलाओं से योजना में रजिस्ट्रेशन कराने की अपील भी की। उन्होंने बताया कि ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत अब तक चार लाख से ज्यादा श्रद्धालु धार्मिक स्थलों की यात्रा कर चुके हैं। अब हरिद्वार, ऋषिकेश, खाटू श्याम, सालासर, मथुरा और वृंदावन जैसे पंजाब से बाहर के धार्मिक स्थलों की यात्रा भी कराई जा रही है।

CM मान ने गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के सालभर चलने वाले आयोजनों के लिए 100 करोड़ रुपये के बजट का भी जिक्र किया। इसके अलावा उन्होंने कहा कि निजी स्कूलों की फीस में 5 फीसदी से ज्यादा बढ़ोतरी नहीं की जा सकेगी, जिससे करीब 32 लाख परिवारों को फायदा होगा। राज्य में 2,800 नए राशन डिपो खोलने और ‘मेरी रसोई’ योजना से करीब 40 लाख लोगों को लाभ मिलने का भी दावा किया गया।

PM मोदी ने लुधियाना के MSME सेक्टर का किया जिक्र

दिल्ली के लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने स्वतंत्रता दिवस संबोधन में पंजाब और खास तौर पर लुधियाना का जिक्र किया। उन्होंने MSME सेक्टर से जुड़े उद्योगपतियों से अपने उत्पादों को वैश्विक स्तर की जरूरतों के मुताबिक तैयार करने की अपील की। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पंजाब में आयोजित कार्यक्रमों में जहां शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी गई, वहीं सरकार ने अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को भी जनता के सामने रखा।

Read More

‘दिमागी नक्सली अराजकता फैलाने की फिराक में, इन्हें पहचानकर अलग-थलग करना होगा’, लाल किले से PM मोदी ने किसे दी चेतावनी?

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments