CM Yogi Tiranga Yatra Gorakhpur: गोरखपुर में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तिरंगा यात्रा की अगुवाई करेंगे। मुख्यमंत्री करीब 9:30 बजे यात्रा में शामिल होंगे और लगभग 3 किलोमीटर पैदल चलेंगे। इस दौरान वह लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने और अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील करेंगे।
नगर निगम परिसर से होगी शुरुआत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा गोरखपुर नगर निगम परिसर से शुरू होगी। यात्रा से पहले नगर निगम परिसर में स्थित रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर मुख्यमंत्री पुष्पार्चन करेंगे। इसके बाद वह पैदल तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे। यात्रा में बड़ी संख्या में शहरवासी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है।
तिरंगों और नारों से गूंजेगा रास्ता
तिरंगा यात्रा के दौरान शहर का पूरा मार्ग देशभक्ति के नारों और हाथों में लहराते राष्ट्रीय ध्वज से नजर आएगा। मुख्यमंत्री इस यात्रा के जरिए लोगों को देशभक्ति और ‘राष्ट्र प्रथम’ का संदेश देंगे। साथ ही नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
इन रास्तों से होकर गुजरेगी यात्रा
नगर निगम परिसर से निकलने के बाद यात्रा टाउनहॉल पहुंचेगी। यहां से गोलघर चौराहा, गणेश चौराहा, कालीमंदिर और यातायात तिराहा होते हुए यात्रा रेलवे स्टेशन चौक की ओर आगे बढ़ेगी। करीब 3 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद मुख्यमंत्री रेलवे स्टेशन चौक स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा के सामने पहुंचेंगे।
महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर होगा समापन
रेलवे स्टेशन चौक पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पार्चन के साथ तिरंगा यात्रा का समापन होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री लोगों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील करेंगे। यात्रा का मुख्य उद्देश्य ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाना है।
9 अगस्त से शुरू हुआ अभियान
उत्तर प्रदेश में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 9 अगस्त को लखनऊ से की थी। इसके तहत प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में 17 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम और तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएंगी। गोरखपुर की सोमवार को होने वाली यात्रा भी इसी अभियान का हिस्सा है।
5 करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य
प्रदेश सरकार ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत उत्तर प्रदेश में पांच करोड़ घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए लोगों को अभियान से जोड़ने के साथ विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्राएं और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय इसे व्यापक जनआंदोलन बनाने की अपील की है।
Read More:
संसद का मानसून सत्र: आज फिर हंगामे के आसार, FCRA समेत कई अहम बिलों पर होगी नजर

