Jalandhar Road Accident: जालंधर में शनिवार सुबह करीब 6 बजे तेज रफ्तार कार सड़क पर खड़े कैंटर से जा भिड़ी। बताया जा रहा है कि कार करीब 140 की स्पीड से जा रही थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दो शव कार की फ्रंट सीट पर फंसे मिले, जबकि एक युवक का शव सड़क पर जा गिरा।
टक्कर में कार के उड़े परखच्चे
हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसकी छत टूटकर अलग हो गई और नंबर प्लेट भी काफी दूर जा गिरी। टक्कर के बाद कार के एयरबैग भी खुल गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
कड़ी मशक्कत से शव निकाले गए
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे दोनों शवों को बाहर निकाला। इसके बाद तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। हादसा मकसूदां इलाके में बल अस्पताल के पास हुआ।
जालंधर से अमृतसर जा रही थी स्विफ्ट
SHO राकेश कुमार के अनुसार, हादसा भगत सिंह कॉलोनी के पास हाईवे पर सुबह करीब 6 बजे हुआ। तेज रफ्तार स्विफ्ट जालंधर से अमृतसर की ओर जा रही थी। इसी दौरान हाईवे पर भगत सिंह कॉलोनी के पास एक कैंटर खड़ा हुआ था। तेज रफ्तार होने के कारण कार सीधे कैंटर से टकरा गई।
दो शव फ्रंट सीट पर, एक सड़क पर मिला
टक्कर के बाद कार की फ्रंट सीट पर दो युवकों के शव मिले। वहीं तीसरे युवक का शव सड़क पर गिर गया था। पुलिस के मुताबिक, तीसरा युवक कार की पिछली सीट पर बैठा हुआ था।
सड़क पर कैंटर छोड़कर फरार हुआ ड्राइवर
SHO के मुताबिक, आशंका है कि कैंटर चालक रास्ता भटक गया था या नशे की हालत में वाहन को सड़क पर खड़ा करके वहां से चला गया। हादसे के बाद कैंटर ड्राइवर मौके से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
CCTV और ट्रक नंबर से जांच तेज
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। कार के नंबर से मृतकों के परिजनों का पता ‘लम्मे पिंड/रंधावा’ क्षेत्र का चला है और पुलिस उनसे संपर्क करने की कोशिश कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही ट्रक नंबर के आधार पर फरार ड्राइवर की तलाश की जा रही है।
Read More:
‘बटवारा 1947’ के प्रमोशन के लिए प्रीति जिंटा के साथ लखनऊ पहुंचे सनी देओल, CM योगी से की मुलाकात

