Delhi Vivek Vihar Fire Incident: पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक मासूम बच्चे की भी जान चली गई, जिससे पूरे इलाके में शोक का माहौल है। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों में 4 पुरुष, 4 महिलाएं और एक बच्चा है। सभी 9 मरने वालों की पहचान कर ली गई है। इमारत से लगभग 15 लोगों को अब तक सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है । घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया।
CM रेखा गुप्ता ने जताया दुख
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा, “विवेक विहार की एक इमारत में आग लगने की घटना अत्यंत दुखद है। इस हादसे में 9 लोगों की असामयिक मृत्यु से मन बेहद व्यथित है। घायलों का नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है और मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूँ।” मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “इस कठिन समय में दिल्ली सरकार पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और ईश्वर उन्हें यह भारी दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद दी जा रही है।
विवेक विहार की एक इमारत में लगी आग की घटना अत्यंत दुखद है। इस हादसे में 9 लोगों की मृत्यु से मन व्यथित है। हादसे में घायल हुए लोगों का नजदीकी अस्पताल में उपचार चल रहा है, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूँ। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएँ पीड़ित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर…
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) May 3, 2026
मृतकों की हुई पहचान
मरने वालों में जिनमें 4 पुरुष, 4 महिलाएं और एक छोटा बच्चा शामिल है। दूसरी मंजिल के पीछे वाले फ्लैट में एक ही परिवार के पांच सदस्य मृत पाए गए, जिनमें 60 वर्षीय अरविंद जैन, उनकी पत्नी 58 वर्षीय अनिता जैन, उनका 35 वर्षीय पुत्र निशांत जैन, निशांत की 33 वर्षीय पत्नी आंचल जैन और उनका डेढ़ साल का बेटा आकाश जैन शामिल हैं। पहली मंजिल पर 45 वर्षीय शिखा जैन, जो नवीन जैन की पत्नी थीं, मृत अवस्था में मिलीं। वहीं तीसरी मंजिल पर एक अन्य परिवार के तीन सदस्य मृत पाए गए, जिनमें 50 वर्षीय नितिन जैन, उनकी 48 वर्षीय पत्नी शैली जैन और उनका 25 वर्षीय पुत्र सम्यक जैन शामिल हैं। इस घटना में 48 वर्षीय नवीन जैन घायल बताए जा रहे हैं।
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), दिल्ली फायर सर्विस और दिल्ली पुलिस की टीमें लगातार मौके पर काम कर रही हैं। आग पर काबू पाने और लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए कई घंटों तक अभियान चला।
वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया जायजा
मुख्यमंत्री ने बताया कि वह खुद हालात पर नजर बनाए हुए हैं। इस दौरान स्थानीय विधायक और निगम पार्षद भी मौके पर पहुंचे। बीजेपी विधायक संजय गोयल, पार्षद पंकज लूथरा और प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने घटनास्थल का दौरा कर राहत कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। शुरुआती तौर पर आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन माना जा रहा है कि जांच के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
Read More:

