राम कथा के प्रसिद्ध वक्ता और पूर्व आम आदमी पार्टी नेता कुमार विश्वास(Kumar Vishwas) 6 मई को दिल्ली विधानसभा में ‘संगीतमय राम कथा’ नाम से एक विशेष आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने जा रहे हैं। इस आयोजन से पहले ही राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है।
दरअसल, आम आदमी पार्टी के दफ्तरों के बाहर कुछ होर्डिंग्स लगाए गए हैं जिनमें ‘आप भी आमंत्रित हैं’ जैसा संदेश लिखा गया है। इसके साथ ही कुमार विश्वास की ओर से ‘अपने-अपने राम’ कार्यक्रम का निमंत्रण दिया गया है। इन पोस्टरों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और माना जा रहा है कि इसके जरिए आम आदमी पार्टी पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा गया है।
अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने दी जानकारी
इस कार्यक्रम को लेकर दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने जानकारी साझा करते हुए कहा कि भगवान राम केवल आस्था के प्रतीक नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों के आदर्श प्रतिनिधि हैं। उन्होंने कहा कि राम का जीवन हमें हर परिस्थिति में सत्य और धर्म के मार्ग पर डटे रहने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने यह भी बताया कि ‘संगीतमय राम कथा’ के माध्यम से इन मूल्यों को आज के संदर्भ में प्रस्तुत किया जाएगा ताकि युवा पीढ़ी उनसे जुड़ सके और उन्हें अपने जीवन में उतार सके।
कई प्रमुख हस्तियों को किया गया आमंत्रित
दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के अनुसार, इस कार्यक्रम के लिए केंद्र सरकार के मंत्री, दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, मंत्रिपरिषद के सदस्य, दिल्ली से जुड़े लोकसभा और राज्यसभा सांसद सभी विधायक तथा सरकार के वरिष्ठ अधिकारी आमंत्रित किए गए हैं।
उन्होंने आगे बताया कि इस प्रस्तुति में भगवान राम के जीवन के अहम प्रसंगों जैसे त्याग, संघर्ष, कर्तव्य के प्रति समर्पण और आदर्श नेतृत्व को संगीत, कविता और कथा के सुंदर संयोजन के जरिए दर्शाया जाएगा। उनका कहना है कि यह आयोजन केवल आध्यात्मिक अनुभूति तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज में आपसी सौहार्द बढ़ाने और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता को मजबूत करने का भी काम करेगा।