HomeBreaking Newsनोएडा में प्रदर्शन के बाद CM योगी का बड़ा ऐलान, न्यूनतम मजदूरी...

नोएडा में प्रदर्शन के बाद CM योगी का बड़ा ऐलान, न्यूनतम मजदूरी में 21% तक का इजाफा

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने गौतमबुद्ध नगर में चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच बड़ा कदम उठाते हुए कुशल और अकुशल श्रमिकों की मजदूरी में वृद्धि का ऐलान किया है। सरकार ने 1 अप्रैल 2026 से लागू होने वाली मजदूरी में अधिकतम 21 प्रतिशत तक की अंतरिम बढ़ोतरी को मंजूरी दी है।

नोएडा-गाजियाबाद में नई दरें लागू

सरकार के अनुसार, नोएडा और गाजियाबाद के श्रमिकों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा। नई अंतरिम दरों के तहत अकुशल श्रमिकों का वेतन 13,690 रुपये, अर्धकुशल का 15,059 रुपये और कुशल श्रमिकों का 16,868 रुपये निर्धारित किया गया है (मूल वेतन और महंगाई भत्ता सहित)।

मासिक और दैनिक वेतन का विवरण

सिर्फ मूल मासिक वेतन की बात करें तो अकुशल श्रमिकों के लिए 11,313.65 रुपये और दैनिक मजदूरी 435.14 रुपये तय की गई है। अर्धकुशल श्रमिकों के लिए मासिक वेतन 12,446 रुपये और दैनिक 478.69 रुपये, जबकि कुशल श्रमिकों के लिए 13,940.37 रुपये मासिक और 536.16 रुपये प्रतिदिन निर्धारित किया गया है।

अफवाहों पर सरकार की सफाई

सरकार ने 20,000 रुपये न्यूनतम वेतन तय किए जाने की खबरों को भ्रामक बताया है। साथ ही स्पष्ट किया गया कि केंद्र सरकार नए श्रम संहिता के तहत राष्ट्रीय स्तर पर न्यूनतम वेतन तय करने की प्रक्रिया में है, जिससे सभी राज्यों में समान और न्यायसंगत वेतन सुनिश्चित किया जा सके।

नोएडा हिंसा के बाद लिया गया फैसला

गौरतलब है कि सोमवार को नोएडा के फेज-2 और सेक्टर-62 सहित कई क्षेत्रों में मजदूरों का प्रदर्शन हिंसक हो गया था। इस दौरान वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आई थीं। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और श्रमिक संगठनों से बातचीत शुरू की गई।

संतुलन बनाने पर सरकार का जोर

सरकार का कहना है कि वह श्रमिकों और उद्योगों के बीच संतुलन बनाए रखते हुए निर्णय ले रही है। भविष्य में वेज बोर्ड की सिफारिशों और नई श्रम संहिता के लागू होने के बाद मजदूरी में और संशोधन संभव है।

सुरक्षा और सुविधाओं पर भी जोर

मुख्यमंत्री ने वेतन के साथ-साथ श्रमिकों को बोनस और भत्तों को लेकर भी आश्वासन दिया है। महिला श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। यह फैसला मौजूदा श्रमिक असंतोष को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Read More

नोएडा में जगह-जगह फिर शुरू हुआ पथराव, 300 से अधिक गिरफ्तार, पुलिस ने काबू की स्थिति

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments