Punjab CM Mann: पंजाब के CM भगवंत मान ने लुधियाना स्थित पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (PAU) में किसान मेले का उद्घाटन करते हुए ऐलान किया कि पंजाब देश का पहला राज्य बनेगा जो खेती को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जोड़ेगा। इस दौरान गुरमीत सिंह खुड्डियां भी मौजूद रहे। साथ ही गुरु अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी में पशु मेले की भी शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक खेती के लिए तकनीक का उपयोग जरूरी है और राज्य सरकार इस दिशा में गंभीरता से काम कर रही है, ताकि किसानों की आय बढ़ाई जा सके।
किसानों को प्रयोग का माध्यम न बनाएं- CM मान
कार्यक्रम के दौरान CM भगवंत मान ने पीएयू के वैज्ञानिकों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि किसानों को प्रयोग का माध्यम न बनाया जाए। उन्होंने हाल ही में नरमे की फसल में कीट लगने की घटना का जिक्र करते हुए नाराजगी जताई और कहा कि वैज्ञानिकों को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान देना ही उनका कर्तव्य है और सरकार इसके लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध करा रही है।
खेती अब मजबूरी का धंधा बनती जा रही- CM मान
मुख्यमंत्री ने चिंता जताते हुए कहा कि खेती अब मजबूरी का धंधा बनती जा रही है। हालांकि, उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार खेती को लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। जापान की जायका कंपनी के सहयोग से बागवानी क्षेत्र को 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।
पंजाब को मिलेगी एशियन हॉकी की मेजबानी
CM भगवंत मान ने यह भी घोषणा की कि पंजाब को एशियन हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी मिलने जा रही है। इसके मैच मोहाली, जालंधर, लुधियाना और बठिंडा में आयोजित होंगे, जबकि पीएयू का मैदान भी इस आयोजन का हिस्सा बनेगा।
प्रदूषण फैलाने वालों पर सख्त रुख
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य में किसी भी प्रदूषण फैलाने वाली कंपनी को अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बिना नाम लिए विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार से दूर है और किसी से कोई हिस्सा नहीं लिया जाता।
किसानों के लिए फायदेमंद साबित होगा मेला
पीएयू के वाइस चांसलर डॉ. सतबीर गोसल ने बताया कि मार्च में आयोजित यह मेला किसानों के लिए बेहद उपयोगी है। इस बार मेले में धान की नई किस्म भी पेश की जा रही है, जिससे उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी।
Read More:
ईरान को लगा एक और तगड़ा झटका, इजरायली हमले में IRGC प्रवक्ता अली मोहम्मद की मौत

