HomeBreaking Newsगुरुग्राम में नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, बाथरूम से सिरिंज बरामद,...

गुरुग्राम में नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, बाथरूम से सिरिंज बरामद, पति पर जहरीला इंजेक्शन देने का आरोप

Gurugram Suspicious Death: हरियाणा के गुरुग्राम जिले में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने सनसनी फैला दी है। 23 वर्षीय काजल नाम की युवती अपने घर में अचेत अवस्था में मिली, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है।

4 महीने पहले हुई थी शादी 

पुलिस के अनुसार, काजल की शादी करीब चार महीने पहले गाजियाबाद निवासी अरुण शर्मा से हुई थी। दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे और बाद में विवाह किया था। काजल एक निजी अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत थी, जबकि उसका पति एक्स-रे तकनीशियन था।

संबंधों में पनपने लगा तनाव

जानकारी के मुताबिक, शादी के बाद दंपति बासई इलाके में रह रहे थे, लेकिन हाल के दिनों में उनके संबंधों में तनाव आ गया था। विवाद के बाद काजल अपने मायके, गढ़ी हरसरू गांव लौट आई थी, जहां कुछ समय बाद उसका पति भी आकर रहने लगा।

कैसे हुई मौत? 

घटना बुधवार शाम की है, जब काजल घर में अपनी बहन और भाभी के साथ मौजूद थी। इसी दौरान उसका पति उसे नीचे ले गया। कुछ देर बाद जब भाभी नीचे पहुंचीं तो काजल को अचेत अवस्था में पाया। उसकी नाक से खून बह रहा था। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार ने लगाया पति पर आरोप 

मृतका के परिवार का आरोप है कि आरोपी पति ने काजल को किसी जहरीले पदार्थ का इंजेक्शन दिया। उन्होंने बताया कि घर के बाथरूम से एक सिरिंज भी बरामद हुई है, जिससे उनकी आशंका और गहरा गई है। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों की शिकायत के आधार पर सेक्टर-10 थाने में दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।

मामले की गंभीरता से जांच की जा रही

जांच अधिकारी एएसआई जगदीश चंद ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारण का खुलासा विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है। इस घटना ने इलाके में लोगों को झकझोर कर रख दिया है और लोग घटना की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।

Read More: 

हिमाचल में बारिश-बर्फबारी का कहर, लैंडस्लाइड से सड़कें बंद, कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments