पंजाब की चंडीगढ़ विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कॉमेडी और मस्ती का अनोखा संगम देखने को मिला। शो प्रमोशन के लिए पहुंचे कपिल शर्मा और नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने अंदाज से छात्रों का भरपूर मनोरंजन किया।
सिद्धू ने किया छात्रों का भरपूर मनोरंजन
कार्यक्रम के दौरान कपिल शर्मा ने मजाकिया अंदाज में मंच से कहा, “इस बार वोट आप नवजोत सिद्धू को ही डालना।” यह सुनते ही वहां मौजूद भीड़ ठहाकों से गूंज उठी और खुद सिद्धू भी हंसने से खुद को रोक नहीं पाए। कपिल ने आगे कहा कि यहां का माहौल देखकर उन्हें ऐसा लग रहा है जैसे वह किसी चुनावी रैली में आ गए हों।
सिद्धू ने इस मौके पर कोई राजनीतिक बयान नहीं दिया
हालांकि, लंबे समय से सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए हुए नवजोत सिंह सिद्धू ने इस मौके पर कोई राजनीतिक बयान नहीं दिया। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि उनका शो 152 देशों में देखा जाता है और यहां के छात्र भी दुनिया भर में अपनी पहचान बना रहे हैं। अपने खास अंदाज में उन्होंने “ठोको ताली” कहकर माहौल को और भी उत्साहित कर दिया।
कार्यक्रम में मौजूद अन्य कलाकारों ने भी दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। अर्चना पूरन सिंह ने छात्रों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दर्शकों के प्यार की वजह से ही उनका शो सफल हो पाया है। वहीं कृष्णा अभिषेक और कीकू शारदा ने मंच पर डांस कर माहौल को और भी जोशीला बना दिया।
इस दौरान सुनील ग्रोवर ने भी अपने अंदाज में लोगों को खूब हंसाया। कपिल शर्मा ने छात्रों के साथ बातचीत करते हुए कहा कि यूनिवर्सिटी का समय जीवन का सबसे खूबसूरत दौर होता है, जिसे खुलकर जीना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में कपिल शर्मा ने सतिंदर सरताज का मशहूर गाना ‘किथे नई तेरा रुतबा घटदा’ गाकर माहौल को और भी यादगार बना दिया।
यह कार्यक्रम हंसी, मस्ती और मनोरंजन से भरपूर रहा, जहां छात्रों ने अपने पसंदीदा कलाकारों के साथ एक यादगार शाम बिताई।