अमृतसर में शनिवार शाम भगवान शिव की आराधना को समर्पित एक विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन पाइटेक्स ग्राउंड, रंजीत एवेन्यू में शाम 6:30 बजे से शुरू होगा। आज होने वाले इस कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल(Arvind Kejriwal) के शामिल होने की उम्मीद है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की भी संभावना जताई जा रही है।
आपको बता दें कि इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होंगे प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी। जो लाइव भजन संध्या से सभी लोगों का ध्यान आकर्षित करेंगे। वे भगवान शिव की महिमा का गुणगान करते हुए अपने लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देंगे। इस आयोजन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण से जोड़ना और धार्मिक आस्था को मजबूत करना है।
सभी श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क प्रवेश
इस धार्मिक आयोजन का पंजाब संचालन सनातन सेवा समिति, पंजाब सरकार के पर्यटन एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग तथा जिला प्रशासन की भागीदारी से किया जा रहा है। कार्यक्रम में संत-महात्माओं, विभिन्न धार्मिक संस्थाओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है। वहीं, आयोजन में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है जिससे अधिक से अधिक लोग इसमें भाग ले सकें।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं का रखा गया ध्यान
आयोजन स्थल पर विशाल मंच और भव्य पंडाल तैयार किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग, चिकित्सा सहायता और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
शुक्रवार को हुई थी तैयारियों की समीक्षा
कार्यक्रम से पहले शुक्रवार को पर्यटन एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग के सलाहकार दीपक बाली, जिलाधीश दलविंदरजीत सिंह, पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर तथा सनातन सेवा समिति, पंजाब के अध्यक्ष विजय शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया था।
दीपक बाली ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और उन्हें अपनी सांस्कृतिक तथा आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है। उनके अनुसार यह कार्यक्रम किसी राजनीतिक उद्देश्य के बजाय सामाजिक जागरूकता, धार्मिक सद्भाव और जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाने के लिए आयोजित किया जा रहा है।