उत्तर प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज मौसम शुष्क (Dry) बना रहेगा। आसमान पूरी तरह साफ रहने की संभावना है, जिसके कारण दिनभर तेज धूप निकलेगी और तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ जिलों में भीषण लू से लेकर अत्यधिक भीषण लू की स्थिति बन सकती है।
बांदा बना देश का सबसे गर्म जिला
बीते 24 घंटों के दौरान बांदा जिला प्रदेश ही नहीं बल्कि देश का सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भीषण गर्मी के चलते दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला और लोग घरों में रहने को मजबूर नजर आए।
कई जिलों में 40 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
IMD के मुताबिक रविवार को प्रदेश के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
झांसी में 44.6 डिग्री सेल्सियस
प्रयागराज में 44.5 डिग्री सेल्सियस
हमीरपुर में 44.2 डिग्री सेल्सियस
उरई में 43.8 डिग्री सेल्सियस
वाराणसी (BHU) में 43.4 डिग्री सेल्सियस
सुल्तानपुर में 43.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी अधिक बना हुआ है। इन जिलों में लू का रेड अलर्ट मौसम विभाग ने प्रदेश के 34 जिलों में भीषण गर्मी और लू चलने की चेतावनी जारी की है। इनमें आगरा, झांसी, इटावा, महोबा, कानपुर, बांदा, चित्रकूट, रायबरेली, प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, आजमगढ़, मऊ और बलिया समेत कई जिले शामिल हैं। प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
लखनऊ में भी बढ़ी गर्मी
राजधानी लखनऊ में भी गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। यहां अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री ज्यादा रहा।

