उत्तर प्रदेश के सोनभद्र(Sonbhadra) जिले में सोन नदी में डूबे तीन युवकों की तलाश में जुटी NDRF और SDRF की टीमों को 24 घंटे बाद बड़ी सफलता मिली है। राहत अभियान के दौरान दो युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं जबकि तीसरे युवक की खोज अभी भी जारी है। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
उत्तर प्रदेश में पड़ने वाले जिले सोनभद्र जिले में सोन नदी के अंदर तीन युवकों के डूबने की खबर सामने आई है। इस घटना की खबर जैसे ही NDRF और SDRF टीम को मिली तो दोनों ही टीमें तुरंत राहत और बचाव अभियान में जुट गई। इसके 24 घंटे बाद नदी के भीतर से 2 लाशें बरामद हुई हैं और तीसरे युवक का अभी भी कोई पता नहीं चल पाया है।
नदी में नहाते समय डूबे 3 युवक
यह घटना घटना चोपन थाना क्षेत्र के मीतापुर इलाके की हैं जहां से होकर बहने वाली सोन नदी में 3 युवक नहाने गए थे। जानकारी के मुताबिक, नहाते वक्त ये तीनों युवक अचानक गहरे पानी में धंसते चले गए और डूब गए। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
इसके बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की संयुक्त टीमों ने नदी में बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया। कई घंटों की लगातार कोशिश के बाद दो युवकों के शव नदी से बाहर निकाले गए।
शव मिलने के बाद परिवारों में मचा कोहराम
दो युवकों के शव बरामद होने की खबर मिलते ही उनके परिवारों में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नदी किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार जमा हो गए जहां हर किसी की नजर अब तीसरे युवक की तलाश पर टिकी हुई है।
तीसरे युवक की तलाश जारी
बचाव टीमें तीसरे युवक को खोजने के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार, तलाशी अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक लापता युवक का पता नहीं चल जाता। मौके पर पुलिस बल और अन्य सुरक्षा कर्मी तैनात हैं जबकि वरिष्ठ अधिकारी पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
नदी में हादसों को लेकर चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि सोन नदी में कई स्थानों पर गहराई और तेज बहाव के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने नदी किनारे सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी के संवेदनशील हिस्सों में जाने से बचें।