राष्ट्रीय जांच एजेंसी, एंटी टेररिज्म स्क्वॉड और कर्नाटक पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में अयोध्या स्थित राम मंदिर को निशाना बनाने की साजिश का खुलासा हुआ है। इस मामले में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी एक युवक को कर्नाटक के दावणगेरे जिले से गिरफ्तार किया गया है।
कर्नाटक से हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुहैल के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गंगोह थाना क्षेत्र के लखनौती गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार वह हरिहर औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में पेंटर के रूप में काम कर रहा था और सामान्य मजदूर की तरह रहकर अपनी पहचान छिपाए हुए था।
मोबाइल से मिले कई अहम सबूत
जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी के मोबाइल फोन की जांच में पाकिस्तान का एक नंबर मिला, जिसे “राणा बॉय” नाम से सेव किया गया था। अधिकारियों का दावा है कि इस नंबर पर व्हाट्सएप कॉल के जरिए बातचीत के संकेत मिले हैं। इसके अलावा मोबाइल से कुछ संदिग्ध व्हाट्सएप ग्रुप, हथियारों के साथ खिंचवाई गई तस्वीरें और अन्य डिजिटल सामग्री भी बरामद की गई है, जिनकी फोरेंसिक जांच की जा रही है।
पूछताछ में सामने आए अहम दावे
जांच एजेंसियों के अनुसार, शुरूआती पूछताछ में आरोपी ने दावा किया है कि वह और उसके कुछ अन्य साथी अयोध्या स्थित राम मंदिर को निशाना बनाने की योजना पर काम कर रहे थे। अधिकारियों का कहना है कि इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान और भूमिका की जांच की जा रही है एजेंसियों को संदेह है कि इस मामले में किसी स्लीपर सेल का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि इस संबंध में अभी जांच जारी है।
सहारनपुर पुलिस को भेजी गई सूचना
सहारनपुर के SP (ग्रामीण) मयंक पाठक ने बताया कि कर्नाटक पुलिस की ओर से स्थानीय पुलिस को ई-मेल और फोन के माध्यम से आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि जानकारी मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर जांच की जाएगी। वहीं सहारनपुर रेंज के DIG अभिषेक सिंह ने कहा कि अगर केंद्रीय या अन्य जांच एजेंसियां किसी प्रकार के सहयोग की मांग करती हैं तो स्थानीय पुलिस पूरी सहायता करेगी।
Read More
वाराणसी से दुनिया का सफर हुआ आसान! देश की पहली ‘हब एंड स्पोक’ विमान सेवा शुरू, गंगा आरती से हुआ शुभारंभ