Philippines School Shooting: दक्षिणी फिलीपींस के साउथ कोटाबाटो प्रांत के बांगा शहर स्थित एक हाईस्कूल में शुक्रवार को गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। हमले में 16 वर्षीय संदिग्ध हमलावर समेत तीन छात्रों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हुए हैं। इनमें चार की हालत गंभीर बताई गई है। अधिकारियों के मुताबिक, घटना में शामिल सभी छात्र 14 से 17 साल की उम्र के थे। यह जून के बाद फिलीपींस में किसी स्कूल में हुई तीसरी जानलेवा गोलीबारी है।
लंच के बाद हमला करने की कही थी बात
बांगा के मेयर अल्बर्ट पालेन्सिया ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि हमलावर अपने दोस्तों के साथ बैठा था। उसने दोस्तों से घर जाने के लिए कहा और उन्हें बताया, ‘लंच के बाद मैं अपने प्लान को अंजाम देने वाला हूं।’ दोस्तों ने उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया और हंसने लगे, क्योंकि हमलावर अपने मजाकिया स्वभाव के लिए जाना जाता था।
10 छात्रों पर चलाई गोलियां
मेयर पालेन्सिया के मुताबिक, लंच के बाद हमलावर ने छात्रों पर गोली चलानी शुरू कर दी। उन्होंने बताया, ‘ लंच के बाद शूटर ने छात्रों पर गोली चलाना शुरू कर दी और खुद को मारने से पहले उसने 10 छात्रों को गोली मारी।’ इसके बाद हमलावर ने खुद को गोली मारकर जान दे दी। अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों में दो छात्र और हमलावर शामिल हैं।
जून के बाद स्कूल में तीसरी घातक गोलीबारी
फिलीपींस के स्कूलों में गोलीबारी की घटनाएं पहले अपेक्षाकृत दुर्लभ थीं, लेकिन जून के बाद से दक्षिणी हिस्से में यह तीसरी जानलेवा घटना है। पिछले महीने दक्षिणी फिलीपींस के ज़ाम्बोआंगा में एक छात्र ने क्लासरूम में दूसरे छात्र को गोली मारने की घटना को लाइव-स्ट्रीम किया था। इसके बाद उसने खुदकुशी कर ली थी।
जून में टैकलोबन स्कूल में भी हुआ था हमला
इससे पहले जून में टैकलोबन के एक पब्लिक हाई स्कूल में दो सहपाठियों ने कैंपस में गोलीबारी की थी। इस हमले में कम से कम तीन छात्रों की मौत हुई थी और करीब 20 लोग घायल हुए थे। ताजा घटना अगस्त में थाईलैंड में हुई एक हाई-प्रोफाइल स्कूल शूटिंग के बाद सामने आई है, जिसमें बैंकॉक के बाहरी इलाके में एक छात्र ने स्कूल में गोलीबारी की थी।
फिलीपींस में बंदूक रखने के नियम सख्त
फिलीपींस में बंदूक रखने को लेकर अपेक्षाकृत सख्त नियम हैं। इनमें बैकग्राउंड चेक और मनोवैज्ञानिक जांच जैसी शर्तें शामिल हैं। हालांकि, अधिकारियों के मुताबिक देश में अवैध हथियार अब भी मौजूद हैं। ताजा घटना के बाद नाबालिगों की हथियारों तक पहुंच को लेकर भी चिंता बढ़ी है।
गवर्नर ने माता-पिता से की खास अपील
साउथ कोटाबाटो के गवर्नर रेनाल्डो तमायो ने माता-पिता से अपील की कि वे सुनिश्चित करें कि बंदूकें नाबालिगों की पहुंच से दूर रहें। तमायो ने कहा, ‘हमें हथियार रखने के मामले में जिम्मेदार होने की जरूरत है। खासकर बंदूक मालिकों को ये पक्का करना चाहिए कि नाबालिग की उन तक पहुंच न हो।’ उन्होंने आगे कहा, ‘हम ये उम्मीद नहीं कर सकते हैं कि कुछ सुरक्षाकर्मी हजारों छात्रों पर नजर रखेंगे। हमें मिलकर काम करने की जरूरत है क्योंकि ऐसा न करने पर इस समस्या से निपटना हमारे लिए मुश्किल होगा।’
Read More:
Warren Buffett ने छोड़ा Berkshire Hathaway का चेयरमैन पद, जानिए अब किसे मिली कंपनी की कमान?

