HomeBreaking Newsजावेद जाफरी की पत्नी से 16 करोड़ की ठगी, BMC अधिकारी समेत...

जावेद जाफरी की पत्नी से 16 करोड़ की ठगी, BMC अधिकारी समेत 6 पर केस दर्ज, एक गिरफ्तार…

मुंबई में अभिनेता जावेद जाफरी(Javed Jaffrey) के परिवार से करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में क्राइम ब्रांच की प्रॉपर्टी सेल ने कारोबारी निशित पटेल को गिरफ्तार किया है। इस मामले में बीएमसी के सहायक आयुक्त महेश पाटिल समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने खुद को बड़े बिल्डरों और प्रभावशाली अधिकारियों से जुड़ा बताकर लोगों का भरोसा जीता और निवेश के नाम पर बड़ी रकम हासिल की।

प्रॉपर्टी टैक्स से संबंधित मिला था नोटिस

जानकारी के मुताबिक, अप्रैल 2024 में हबीबा जाफरी को अंधेरी स्थित उनके बंगले के प्रॉपर्टी टैक्स से संबंधित एक नोटिस मिला था। इसी दौरान परिचित अली रजा के माध्यम से उनकी मुलाकात बीएमसी अधिकारी महेश पाटिल से हुई। आरोप है कि पाटिल ने टैक्स मामले को सुलझाने का भरोसा दिया और बाद में बांद्रा पश्चिम स्थित एक कमर्शियल प्रोजेक्ट में निवेश करने की सलाह दी।

निशित पटेल ने दावा किया कि इस प्रोजेक्ट में पहले से भारी निवेश हो चुका है और जल्द ही निवेशकों को कमर्शियल स्पेस का कब्जा मिल जाएगा। आरोपियों ने प्रोजेक्ट से जुड़े नक्शे, दस्तावेज, तस्वीरें और वीडियो दिखाकर जाफरी परिवार का विश्वास जीत लिया। इसके बाद परिवार ने अपनी संपत्तियां बेचकर करोड़ों रुपये निवेश कर दिए।

पुलिस जांच में क्या मिला ?

पुलिस जांच में सामने आया है कि निवेश की रकम अलग-अलग कंपनियों के खातों में ट्रांसफर की गई। मामले का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा कथित फर्जी रजिस्ट्री प्रक्रिया रही। आरोपियों ने सरकारी प्रक्रिया जैसा माहौल तैयार कर घर पर ही फोटो, फिंगरप्रिंट और हस्ताक्षर लेकर दस्तावेज पूरे होने का दावा किया। बाद में जो कागजात दिए गए वे जांच में फर्जी पाए गए।

जब परिवार ने मूल दस्तावेज मांगे तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। पूछताछ के दौरान निशित पटेल ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार करवाने की बात स्वीकार की है। इसके बाद खार पुलिस स्टेशन में निशित पटेल, महेश पाटिल, रूपेश, सागर मेहता, देवेंद्र पडवल और अन्य लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

कितनी है ठगी की कुल रकम ?

पुलिस के अनुसार, इस कथित घोटाले में जावेद जाफरी, हबीबा जाफरी और नावेद जाफरी समेत कई लोगों ने निवेश किया था। कुल ठगी की रकम 16.24 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है, जिसमें नकदी, विदेशी मुद्रा और महंगी घड़ियां भी शामिल हैं।

मुंबई क्राइम ब्रांच अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। अधिकारियों को आशंका है कि इसी तरह अन्य कलाकारों और कारोबारियों को भी निशाना बनाया गया हो सकता है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल अदालत ने आरोपी निशित पटेल को 19 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

यह भी पढ़ें : पिता ने 10 लाख रूपये में खरीदा NEET का पेपर, फिर भी निक्कमा बेटा लाया 107 नंबर…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments