महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में भारत ने हर विभाग में बेहतर प्रदर्शन करते हुए महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। शेफाली वर्मा की आक्रामक अर्धशतकीय पारी और राधा यादव की शानदार गेंदबाजी इस जीत की सबसे बड़ी वजह रही।
बांग्लादेश ने बनाए 136 रन
टॉस जीतकर बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। जबकि भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर बनाने का मौका नहीं दिया। बांग्लादेश की ओर से जुआरिया फिर्दौस ने 33 रन और कप्तान निगार सुल्ताना ने 32 रन की उपयोगी पारी खेली। निर्धारित 20 ओवर में टीम 8 विकेट के नुकसान पर 136 रन ही बना सकी। भारत के लिए राधा यादव ने सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट हासिल किए, जबकि श्री चरणी ने 2 विकेट झटके।
शेफाली वर्मा ने खेली मैच विनिंग पारी
137 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शुरुआत में स्मृति मंधाना का विकेट गंवाना पड़ा, लेकिन इसके बाद शेफाली वर्मा ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया। शेफाली ने मात्र 34 गेंदों में 53 रन बनाए और अपनी पारी के दौरान कई आकर्षक चौके लगाए। उन्होंने केवल 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और बांग्लादेशी गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा।
मध्यक्रम ने संभाली जिम्मेदारी
शेफाली के आउट होने के बाद कुछ समय के लिए भारतीय पारी की रफ्तार धीमी हुई, लेकिन जेमिमा रोड्रिग्स ने 15 गेंदों में 26 रन की तेज पारी खेलकर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। कप्तान हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने अंत तक टिककर भारत को 16.5 ओवर में 139 रन तक पहुंचाया। भारत ने मुकाबला 19 गेंद शेष रहते हुए 5 विकेट से अपने नाम कर लिया।
सेमीफाइनल की उम्मीदें हुईं मजबूत
इस जीत के साथ भारत ने महिला टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप चरण में अपनी तीसरी जीत दर्ज की है। टीम इंडिया की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें अब और मजबूत हो गई हैं। जबकि आगामी मुकाबलों में बेहतर फील्डिंग और निरंतर प्रदर्शन टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहेगा। शेफाली वर्मा को उनकी शानदार अर्धशतकीय पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
Read More राम मंदिर दान घोटाला: चंपत राय के ड्राइवर समेत 8 पर FIR, तीन आरोपी गिरफ्तार

