पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान(CM Bhagwant Singh Mann) ने कथित वायरल वीडियो को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही वीडियो फर्जी है और इसका इस्तेमाल उनकी छवि खराब करने के लिए किया जा रहा है। CM मान ने कहा कि वीडियो में दिखाई दे रहा आदमी मैं नहीं हूं, मुझे बदनाम करने के लिए यह फर्जी वीडियो बनाई गई है।
सियासी फायदे के लिए साजिश का आरोप
CM मान ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ हासिल करने के लिए ऐसी सामग्री तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग राजनीतिक रूप से उनसे मुकाबला नहीं कर पाए वे अब इस तरह की साजिशों का सहारा ले रहे हैं। CM मान के अनुसार, इस तरह के प्रयासों का उद्देश्य पंजाब के माहौल को खराब करना और लोगों के बीच नफरत फैलाना है।
धार्मिक भावनाओं से जोड़कर बदनाम करने की कोशिश – CM भगवंत सिंह मान
CM मान ने आगे कहा कि इस मामले में उन्हें धार्मिक स्तर पर बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अपनी सरकार द्वारा धार्मिक स्थलों और शहरों से जुड़े फैसलों का जिक्र करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब में तीन पवित्र शहरों को दर्जा दिया, इसी के साथ कई धार्मिक और सामाजिक कार्य किए हैं।
कथित वीडियो को श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष भेजा जाएगा
CM मान ने बताया कि कथित वीडियो को श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष भेजा जाएगा ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वीडियो में पहचान छिपाने के लिए मास्क का इस्तेमाल किया गया है, जिसके साथ ही उन्होनें यह भी दोहराया कि वह शुरुआत से कह रहे हैं कि वायरल वीडियो में मौजूद व्यक्ति वह नहीं हैं और सच्चाई जांच के बाद स्पष्ट हो जाएगी।