जापान में रोबोटिक्स को लेकर एक ऐसी पहल शुरू हुई है, जो भविष्य की तकनीक की झलक दिखाती है। यहां इंसानों की मेडिकल जरूरतों के लिए नहीं, बल्कि ह्यूमनॉइड रोबोट्स की मरम्मत और देखभाल के लिए एक खास एंबुलेंस तैयार की गई है। किसी रोबोट के खराब होने पर यह वाहन मौके पर पहुंचेगा और जरूरत के मुताबिक उसकी जांच व मरम्मत करेगा। अगर रोबोट को मौके पर ठीक करना संभव नहीं हुआ तो उसकी जगह दूसरा रोबोट उपलब्ध कराया जा सकेगा।
GMO AIR ने तैयार किया वाहन
इस खास वाहन को जापानी कंपनी GMO AI & Robotics Trading (GMO AIR) ने विकसित किया है। कंपनी के अनुसार, यह जापान में ह्यूमनॉइड रोबोट्स की देखभाल के लिए तैयार किया गया पहला समर्पित वाहन है। इसे सितंबर 2026 से टोक्यो में इस्तेमाल किया जा रहा है। बाहर से यह सामान्य एंबुलेंस जैसी दिखाई देती है। इसमें रूफ लाइट्स के साथ Humanoid Ambulance की मार्किंग भी मौजूद है। हालांकि इसका उद्देश्य इंसानों का इलाज करना नहीं, बल्कि खराब रोबोट्स को जल्द से जल्द दोबारा काम करने की स्थिति में लाना है।
खराब रोबोट की जगह मिलेगा दूसरा
GMO AIR की इस एंबुलेंस में जरूरत पड़ने पर एक अतिरिक्त ह्यूमनॉइड रोबोट भी ले जाया जा सकता है। अगर मौके पर खराब रोबोट की मरम्मत संभव नहीं होती है तो उसे वापस ले जाकर उसकी जगह दूसरा रोबोट काम पर लगाया जा सकता है। इससे किसी कंपनी या संस्थान का काम लंबे समय तक प्रभावित होने से बच सकता है। खराब रोबोट को बाद में GMO के शिबुया कंडिशन ह्यूमनॉइड लैब जैसे रिपेयर सेंटर पर ले जाया जा सकता है।
मोबाइल रिपेयर वर्कशॉप की तरह काम
वाहन के अंदर रोबोट की जांच के लिए डायग्नोस्टिक उपकरण, स्पेयर पार्ट्स और जरूरी रिपेयर टूल्स मौजूद हैं। इसके साथ एक इंजीनियर भी मौके पर पहुंचता है, जो खराबी की जांच कर मरम्मत कर सकता है। फिलहाल टोक्यो में GMO AIR के पास ऐसी केवल एक एंबुलेंस है। यह सेवा सभी कंपनियों के रोबोट्स के लिए उपलब्ध नहीं है और अभी मुख्य रूप से GMO AIR द्वारा तैनात ह्यूमनॉइड रोबोट्स की देखभाल के लिए इस्तेमाल होगी।
Read More
गणपति विसर्जन के दौरान भावुक हुए चिराग पासवान, सोशल मीडिया पर Video Viral

