खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह(Amritpal Singh) शनिवार को अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पंजाब पहुंच गए। असम की डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल से उन्हें तीन घंटे की कस्टडी पैरोल मिली है। अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद पुलिस उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा लेकर गई। इस दौरान उन्हें बुलेटप्रूफ गाड़ी में ले जाया गया। सुरक्षा के लिहाज से एयरपोर्ट से लेकर गांव तक भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
अमृतपाल सिंह के आने से पहले ही अमृतसर एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। उन्हें एयरपोर्ट की कार्गो साइड में बनाए गए सुरक्षित क्षेत्र में रखा गया। बाहर भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। अमृतपाल को हाई रिस्क कैदी की श्रेणी में रखा गया है। इसी वजह से डिब्रूगढ़, दिल्ली और अमृतसर एयरपोर्ट पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई।
तीन घंटे की कस्टडी पैरोल पर मिली अनुमति
अदालत ने अमृतपाल सिंह को शनिवार दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक तीन घंटे की कस्टडी पैरोल दी है। इस दौरान वह पुलिस हिरासत में ही रहेंगे। उनका पैतृक गांव पहुंचने पर पुलिस ने उन्हें सुरक्षा घेरे में रखा। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें वापस डिब्रूगढ़ जेल ले जाने की व्यवस्था की जाएगी।


