उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बीजेपी ने अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी सोमवार से मथुरा में दो दिवसीय चिंतन बैठक कर रही है। इस बैठक में श्रीकृष्ण जन्मभूमि का मुद्दा प्रमुख एजेंडे में शामिल किया गया है। माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व इस संवेदनशील विषय पर कानूनी, राजनीतिक और संगठनात्मक स्तर पर आगे की रणनीति पर चर्चा कर सकता है। मथुरा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में हो रही इस बैठक में बीजेपी के करीब 50 वरिष्ठ नेता शामिल हो रहे हैं। इनमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री और प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद हैं।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर समाधान की मांग
बीजेपी सूत्रों के मुताबिक, श्रीकृष्ण जन्मभूमि मामले को जल्द से जल्द किसी निष्कर्ष तक पहुंचाने की मांग पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं की ओर से लगातार उठाई जा रही है। कैडर चाहता है कि इस मुद्दे पर शीर्ष नेतृत्व निर्णायक कदम उठाए। यही वजह है कि मथुरा की चिंतन बैठक में इसे खास महत्व दिया गया है। बैठक में सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। वरिष्ठ नेता इस बात पर विचार कर रहे हैं कि कानूनी, प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर किस तरह आगे बढ़ा जाए। हालांकि, बैठक में किसी ठोस फैसले या नई रणनीति की आधिकारिक घोषणा अभी सामने नहीं आई है।
अयोध्या और काशी के बाद मथुरा पर बीजेपी की नजर
बीजेपी की हिंदुत्व राजनीति में अयोध्या, काशी और मथुरा तीनों का विशेष महत्व रहा है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम के विकास के बाद अब मथुरा का मुद्दा पार्टी के एजेंडे में प्रमुखता से दिखाई दे रहा है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह से जुड़ा विवाद लंबे समय से कानूनी और राजनीतिक चर्चा का विषय बना हुआ है। ऐसे में मथुरा में हो रही बैठक को इस मुद्दे पर पार्टी की आगे की दिशा तय करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि बैठक में इस विषय को प्रमुखता देना 2027 के चुनाव से पहले हिंदुत्व के मुद्दे को धार देने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है।
CM योगी के बयानों से लेकर विकास योजनाओं तक हिंदुत्व पर जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार अपने बयानों में सनातन संस्कृति, धार्मिक पहचान और राष्ट्रवाद के मुद्दों को प्रमुखता देते रहे हैं। बीजेपी की कोशिश है कि चुनाव से पहले अपने पारंपरिक हिंदुत्व एजेंडे को और मजबूत किया जाए। राजनीतिक विश्लेषण के मुताबिक, पार्टी जातिगत समीकरणों के बीच हिंदू मतदाताओं को एकजुट करने की रणनीति पर भी काम कर सकती है। हालांकि, बीजेपी और योगी सरकार के सामने यह चुनौती भी है कि चुनावी मैदान में केवल धार्मिक मुद्दों के सहारे जीत हासिल करना आसान नहीं होगा। इसलिए धार्मिक पर्यटन के साथ बुनियादी ढांचे और विकास परियोजनाओं पर भी जोर दिया जा रहा है।
Read More
सीरिया-लेबनान बॉर्डर पर इजरायल का हवाई हमला, हिज्बुल्लाह के हथियारों की खेप को बनाया निशाना


[…] […]