Namo Yamuna River Safari: देश की राजधानी दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक नई पहल की जा रही है। मंगलवार, 10 नवंबर से दिल्ली में नमो यमुना रिवर सफारी की शुरुआत होने जा रही है। इसके तहत अब लोग यमुना नदी में क्रूज की सवारी का आनंद ले सकेंगे। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल दिल्ली की पहली मनोरंजनात्मक नमो यमुना रिवर सफारी क्रूज सेवा का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद रहेंगी। इस पहल से दिल्लीवासियों और राजधानी घूमने आने वाले पर्यटकों को नदी के रास्ते यात्रा करने का एक नया अनुभव मिलेगा।
CM रेखा गुप्ता ने दी शुरुआत की जानकारी
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर इस नई सेवा की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “यमुना रिवर क्रूज दिल्ली को एक बिल्कुल नया अनुभव देने के लिए तैयार है! आज केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के साथ, हम यमुना नदी क्रूज सेवा का शुभारंभ कर रहे हैं। यह यमुना मां को जनता के करीब लाने, मनोरंजन के नए अवसर पैदा करने और दिल्ली के नदी तट को एक नई पहचान देने की दिशा में एक कदम है।”

सोनिया विहार से जगतपुर तक चलेगा क्रूज
नमो यमुना रिवर सफारी के तहत सोनिया विहार और जगतपुर के बीच क्रूज सेवा संचालित की जाएगी। इस रूट की कुल दूरी लगभग 5 किलोमीटर होगी और यात्रियों को यह सफर पूरा करने में करीब 40 मिनट लगेंगे। क्रूज सेवा का संचालन सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक किया जाएगा। इसके लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपये का टिकट निर्धारित किया गया है। एक क्रूज में अधिकतम 30 यात्री सफर कर सकेंगे। यात्री दिल्ली पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुक कर पाएंगे।
यमुना के किस हिस्से में शुरू होगी रिवर सफारी?
दिल्ली में यमुना नदी को मुख्य रूप से दो हिस्सों में बांटा जाता है। पहला हिस्सा पल्ला से वजीराबाद तक है, जिसकी लंबाई करीब 26 किलोमीटर है। इस हिस्से में पूरे साल पानी उपलब्ध रहता है और पानी अपेक्षाकृत साफ भी रहता है। इसी खंड में नमो यमुना रिवर सफारी शुरू की जा रही है।
वहीं, यमुना का दूसरा हिस्सा वजीराबाद बैराज से ओखला बैराज तक फैला है, जिसकी लंबाई लगभग 22 किलोमीटर है। इस हिस्से में पानी बहुत कम या कई जगहों पर न के बराबर रहता है। इस दौरान नदी में 22 बड़े नाले आकर मिलते हैं। इनमें सबसे बड़ा नाला नजफगढ़ नाला है। इसके मिलने के बाद यमुना का पानी लगातार प्रदूषित होता जाता है।
राष्ट्रीय जलमार्ग-110 के तहत विकसित हो रही सेवा
यमुना नदी को राष्ट्रीय जलमार्ग अधिनियम, 2016 के तहत राष्ट्रीय जलमार्ग-110 घोषित किया गया है। इसके अंतर्गत सोनिया विहार-जगतपुर खंड में मनोरंजनात्मक नदी क्रूज सेवा विकसित की जा रही है। इसका उद्देश्य नदी में नौकायन और जलमार्ग आधारित पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देना है। यह परियोजना दिल्ली में नदी परिवहन और पर्यटन को एक नई दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
पिछले महीने हुआ था क्रूज का परीक्षण
इस सेवा की शुरुआत से पहले पिछले महीने क्रूज पोत का परीक्षण भी किया गया था। यह परीक्षण भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) और दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में सफलतापूर्वक पूरा हुआ था। बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के अधीन आईडब्ल्यूएआई ने इस परियोजना को शुरू किया है।
बिजली से चलने वाले क्रूज से मिलेगा स्वच्छ पर्यटन को बढ़ावा
इस परियोजना में बिजली से चलने वाले क्रूज जहाजों का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। आईडब्ल्यूएआई के मुताबिक, यह पहल शहरी परिवहन और पर्यटन के लिए जलमार्गों के बेहतर इस्तेमाल की संभावनाओं को प्रदर्शित करेगी। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में मनोरंजन का एक नया विकल्प भी जुड़ेगा। उम्मीद है कि इस सेवा से यमुना नदी के प्रति लोगों का जुड़ाव बढ़ेगा और दिल्ली में नदी आधारित पर्यटन को नई पहचान मिलेगी।
Read More:


[…] दिल्ली में आज से यमुना में दौड़ेगा क्र… […]