HomeBreaking Newsदिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट और अमिताभ बच्चन के 'जलसा' को बम...

दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट और अमिताभ बच्चन के ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी, अब ग्वालियर हाईकोर्ट को भी मिला धमकी भरा ईमेल

Bomb Threat: मध्य प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियों के सामने एक गंभीर सुरक्षा खतरा सामने आया है। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ की आधिकारिक ईमेल आईडी पर बम धमाके की धमकी वाला मेल मिला है। इसमें मशहूर पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट और बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले ‘जलसा’ को निशाना बनाने की बात कही गई है। ईमेल मिलने के बाद मध्य प्रदेश की साइबर पुलिस और स्थानीय सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए इंदौर और महाराष्ट्र पुलिस को भी सूचना दे दी गई है।

HC की ईमेल आईडी पर आया धमकी भरा मेल

जानकारी के मुताबिक, यह ईमेल करीब तीन से चार दिन पहले ग्वालियर हाईकोर्ट की सरकारी ईमेल आईडी पर भेजा गया था। मेल सामने आने के बाद राज्य साइबर पुलिस की टीमें भोपाल और ग्वालियर में तकनीकी जांच कर रही हैं। साइबर विशेषज्ञ ईमेल भेजने वाले का आईपी एड्रेस, लोकेशन और इस्तेमाल किए गए प्रॉक्सी सर्वर की जानकारी जुटाने में लगे हैं।

इंदौर और मुंबई पुलिस को दी गई सूचना

धमकी में 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम का जिक्र होने के कारण ग्वालियर और भोपाल की साइबर टीमों ने इंदौर पुलिस कमिश्नरेट को तत्काल जानकारी दी है। वहीं, अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित बंगले को निशाना बनाने की धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र की सुरक्षा एजेंसियों को भी आधिकारिक सूचना भेजी गई है, ताकि संभावित खतरे को देखते हुए सुरक्षा इंतजाम किए जा सकें।

ग्वालियर हाईकोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ाई गई

धमकी का सीधा संबंध भले ही ग्वालियर से न हो, लेकिन एहतियात के तौर पर हाईकोर्ट परिसर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। परिसर में पुलिस बल की तैनाती बढ़ाने के साथ आसपास के इलाकों में गश्त भी तेज कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस जीएस अहलूवालिया ने सुरक्षा व्यवस्था में कुछ विशेष बदलाव करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर जरूरी बदलाव किए जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारी ने की धमकी भरे मेल की पुष्टि

प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने धमकी भरे ईमेल की पुष्टि करते हुए बताया, ”हाईकोर्ट की आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ है। इसमें दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट और मुंबई में अमिताभ बच्चन के घर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इंदौर और महाराष्ट्र पुलिस को सूचना दी गई है। साइबर पुलिस की टीम पड़ताल में जुटी है।”

खालिस्तानी नेशनल आर्मी के नाम से भेजा गया धमकी भरा ईमेल

इस पूरे मामले में ‘खालिस्तानी नेशनल आर्मी’ का नाम भी सामने आया है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, धमकी भरा ईमेल इसी संगठन के नाम से भेजा गया है। इससे पहले दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी, जिसके पीछे भी इसी संगठन का नाम बताया गया था। ऐसे में ताजा धमकी को भी दिलजीत के कार्यक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है।

दिलजीत का ऑरा इंडिया टूर

दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने ऑरा इंडिया टूर पर हैं। इसके तहत 15 नवंबर को इंदौर और 27 नवंबर को मुंबई में उनका कॉन्सर्ट आयोजित होना है। दोनों कार्यक्रमों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की जानकारी सामने आई है। अब ग्वालियर हाईकोर्ट की आधिकारिक ईमेल पर भी धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से ले रही हैं।

फिलहाल साइबर पुलिस ईमेल के स्रोत, आईपी एड्रेस और अन्य तकनीकी जानकारियों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि धमकी के पीछे शामिल लोगों की पहचान करने और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए जांच जारी है।

Read More:

WhatsApp का बदलेगा पूरा अंदाज! चैटिंग के लिए मिलेगा नया Contacts टैब, एक क्लिक में खोज सकेंगे पसंदीदा इंसान

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments