HomeBreaking Newsमशहूर सिंगर जुबिन नौटियाल के पिता ने थामा कांग्रेस का हाथ

मशहूर सिंगर जुबिन नौटियाल के पिता ने थामा कांग्रेस का हाथ

उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व नेता और जाने-माने चेहरे रामशरण नौटियाल ने कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया है। उन्होंने कांग्रेस महासचिव व उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा और गुरदीप सिंह सप्पल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में औपचारिक रूप से कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

जुबिन नौटियाल के पिता और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष

रामशरण नौटियाल उत्तराखंड की राजनीति में एक परिचित चेहरा हैं। वह मशहूर बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर जुबिन नौटियाल के पिता हैं। इसके अलावा, वह पहले भी कांग्रेस पार्टी में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और देहरादून के जिला पंचायत अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बीजेपी के टिकट पर चकराता सीट से चुनाव लड़ा था। पार्टी में उनके शामिल होने पर कुमारी शैलजा और अन्य नेताओं ने उन्हें कांग्रेस का पट्टा पहनाकर स्वागत किया, जबकि रामशरण ने नेताओं को गुलदस्ता भेंट कर आभार व्यक्त किया।

कुमारी शैलजा ने साधा केंद्र सरकार पर निशाना

रामशरण नौटियाल को पार्टी में शामिल कराने के दौरान कांग्रेस महासचिव कुमारी शैलजा ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने देश में लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज देश में तानाशाही का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में कथित गड़बड़ियों को लेकर पूरे देश में लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, जिस पर राहुल गांधी लगातार मुखर होकर ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठा रहे हैं।

INDIA गठबंधन के प्रदर्शन और रोक-टोक का जिक्र

कुमारी शैलजा ने आगे कहा कि SIR प्रक्रिया को लेकर सिर्फ विपक्ष या जनता ने ही नहीं, बल्कि दो चुनाव आयुक्तों ने भी अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। उन्होंने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप लगाते हुए बताया कि दिल्ली में INDIA गठबंधन के नेताओं ने चुनाव आयोग के दफ्तर तक मार्च निकाला था, लेकिन उन्हें मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलने की अनुमति नहीं दी गई। इसके अलावा, गठबंधन के सांसदों ने राष्ट्रपति से मिलने का प्रयास किया, तो केवल दस लोगों के प्रतिनिधिमंडल को ही अनुमति दी गई और बाकी सांसदों को विजय चौक पर ही रोक दिया गया।

 

READ MORE: शेफाली वर्मा की आंधी में उड़ा जिम्बाब्वे, भारत ने टी20 सीरीज पर जमाया कब्जा

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments