HomeBreaking News12 हजार फीट की ऊंचाई पर खुला एयर एम्बुलेंस का दरवाजा, ढाका...

12 हजार फीट की ऊंचाई पर खुला एयर एम्बुलेंस का दरवाजा, ढाका में इमरजेंसी लैंडिंग

अगरतला से कोलकाता जा रही एक भारतीय एयर एम्बुलेंस को उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी के कारण बांग्लादेश की राजधानी ढाका में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। रविवार को बीचक्राफ्ट किंग एयर C90A विमान करीब 12 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी उसका दरवाजा आंशिक रूप से खुल गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने की अनुमति मांगी। विमान सुरक्षित उतर गया, लेकिन उसमें सवार 56 वर्षीय महिला मरीज की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। विमान में मौजूद अन्य छह लोग सुरक्षित बताए गए हैं।

पायलट ने मांगी इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति

जानकारी के मुताबिक, एयर एम्बुलेंस रविवार को अगरतला से कोलकाता जा रही थी। उड़ान के दौरान जब विमान करीब 12,000 फीट की ऊंचाई पर था, तभी तकनीकी समस्या सामने आई और विमान का दरवाजा आंशिक रूप से खुल गया। इसके बाद पायलट ने तत्काल स्थिति का आकलन करते हुए ढाका हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। बांग्लादेशी अधिकारियों ने विमान को उतरने की मंजूरी दी। विमान दोपहर करीब 1:40 बजे ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया। इस घटना के बाद विमान में सवार लोगों को सहायता उपलब्ध कराई गई।

अस्पताल में भर्ती महिला मरीज की इलाज के दौरान मौत

एयर एम्बुलेंस में कुल सात लोग सवार थे। इनमें दो पायलट, एक डॉक्टर, एक पैरामेडिक, 56 वर्षीय मरीज अंजना भौमिक और उनके दो तीमारदार शामिल थे। लैंडिंग के तुरंत बाद मरीज को कुर्मितोला स्पेशलाइज्ड अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान शाम करीब 4:40 बजे डॉक्टरों ने अंजना भौमिक को मृत घोषित कर दिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि उनकी मौत का संबंध विमान में आई तकनीकी खराबी से था या उनकी पहले से गंभीर बीमारी के कारण ऐसा हुआ। इस पहलू की जांच की जा रही है।

बांग्लादेश ने मानवीय आधार पर दी उतरने की मंजूरी

बताया गया है कि विमान के पास बांग्लादेश में उतरने की पूर्व अनुमति नहीं थी। इसके बावजूद बांग्लादेशी अधिकारियों ने मानवीय आधार पर तत्काल लैंडिंग की मंजूरी दी और जरूरी सहायता उपलब्ध कराई।घटना के बाद ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने आवश्यक राजनयिक औपचारिकताओं और आगे की प्रक्रिया के लिए बांग्लादेशी अधिकारियों से संपर्क किया। यह एयर एम्बुलेंस भारत की एसकेबी इन्फ्राकॉन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित की जाती है।

फिलहाल विमान में तकनीकी खराबी आने के कारणों और महिला मरीज की मौत से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments