राजस्थान की राजधानी जयपुर में ज्वेलरी कारोबारी से करीब 2 करोड़ रुपये के हीरे-जवाहरात चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी गुजरात की रहने वाली है और जयपुर में किराए के मकान में रह रही थी। पुलिस ने उसके पास से चोरी किए गए हीरे-जवाहरात भी बरामद करने का दावा किया है। जांच के मुताबिक, महिला बाजार में कारोबारियों की गतिविधियों पर नजर रखती थी और मौका मिलते ही उनके कीमती सामान पर हाथ साफ कर देती थी।
ई-रिक्शा में सफर के दौरान गायब हुए 13 पैकेट
डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा के अनुसार, ज्वेलरी कारोबारी ने 15 अक्टूबर को माणक चौक थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। कारोबारी ने पुलिस को बताया कि वह अलग-अलग व्यापारियों को ज्वेलरी के सैंपल दिखाने और माल की खरीद-बिक्री के सिलसिले में यात्रा करता है। 15 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे वह ई-रिक्शा से सांगानेर गेट की ओर जा रहा था। उसके पास ज्वेलरी के 13 पैकेट थे, जिनमें अलग-अलग व्यापारियों के पन्ना, माणक, डायमंड और अन्य कीमती रत्न रखे हुए थे। सफर के दौरान ये पैकेट चोरी हो गए। शिकायत के मुताबिक, चोरी हुए सामान में 11.52 कैरेट के दो पन्ने, 144.60 कैरेट के चार पन्ने और 11 अन्य पैकेटों में रखे कुल 942.52 कैरेट के पन्ने शामिल थे। कारोबारी ने इन हीरे-जवाहरात की कुल कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई।
CCTV फुटेज की सूचना से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर ई-रिक्शा में कारोबारी के साथ सफर कर रही एक संदिग्ध महिला की पहचान की गई। इसके बाद फुटेज के जरिए उस स्थान का पता लगाया गया, जहां महिला ई-रिक्शा से उतरी थी। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद महिला मुख्य बाजार की गलियों से निकलने की कोशिश कर रही थी। पहचान से बचने के लिए वह कथित तौर पर बार-बार ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा बदल रही थी। इससे उसकी तलाश करना चुनौतीपूर्ण हो गया था। आखिरकार पुलिस ने मुखबिर तंत्र की मदद से उसके ठिकाने का पता लगाया और दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
बाजार में व्यापारियों को निशाना बनाने का आरोप
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला कथित तौर पर मुख्य बाजारों में घूमकर ऐसे व्यापारियों की पहचान करती थी, जिनके पास कीमती सामान होता था। इसके बाद वह उनके पीछे लगकर उनके साथ यात्रा करती और मौका मिलने पर सामान चोरी कर फरार हो जाती थी। जांच के अनुसार, वारदात के बाद वाहन बदलना उसकी कथित रणनीति का हिस्सा था, ताकि पुलिस को उसके रास्ते और पहचान का पता लगाने में मुश्किल हो। पुलिस ने महिला के पास से चोरी किए गए हीरे-जवाहरात बरामद करने की जानकारी दी है।
Read More
दिल्ली में शोर का बढ़ता कहर! कानों से लेकर दिल-दिमाग तक पर मंडरा रहा गंभीर खतरा

