HomeBreaking Newsदिल्ली में शोर का बढ़ता कहर! कानों से लेकर दिल-दिमाग तक पर...

दिल्ली में शोर का बढ़ता कहर! कानों से लेकर दिल-दिमाग तक पर मंडरा रहा गंभीर खतरा

दिल्ली(Delhi) में वायु प्रदूषण के साथ ध्वनि प्रदूषण भी लोगों के लिए बड़ी समस्या बनता जा रहा है। सड़कों पर लगातार बजते हॉर्न, ट्रैफिक जाम में गाड़ियों की आवाज और मॉडिफाइड बाइकों का तेज शोर लोगों के रोजमर्रा के जीवन को प्रभावित कर रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, लंबे समय तक तेज आवाज के संपर्क में रहने से नींद और एकाग्रता पर असर पड़ सकता है। इसके अलावा, लगातार शोर को उच्च रक्तचाप और हृदय संबंधी समस्याओं के बढ़ते जोखिम से भी जोड़ा गया है। दिल्ली में शोर के स्तर का आकलन करने के लिए वैज्ञानिकों ने एक विशेष मॉडल तैयार किया।

सीएसआईआर-राष्ट्रीय भौतिक प्रयोगशाला (एनपीएल) के डॉ. सौरभ कुमार और डॉ. नवीन गर्ग का शोधपत्र 5 नवंबर 2025 को शोध पत्रिका Applied Acoustics में प्रकाशित हुआ।इस अध्ययन के लिए अक्टूबर 2023 से जून 2024 के बीच दिल्ली के 201 स्थानों पर 24 घंटे तक ध्वनि का मापन किया गया। शोधकर्ताओं ने वाहनों की संख्या, उनकी औसत रफ्तार और हॉर्न बजने की घटनाओं को भी विश्लेषण में शामिल किया। तैयार किए गए चार मॉडलों ने दिन, रात और पूरे 24 घंटे के शोर का अनुमान लगाने में अच्छा प्रदर्शन किया। अध्ययन में वाहनों की संख्या शोर के स्तर को प्रभावित करने वाला प्रमुख कारक सामने आई।

रिहायशी इलाकों में भी तय सीमा का महत्व

निर्धारित मानकों के मुताबिक, आवासीय क्षेत्रों में दिन के समय शोर की सीमा 55 डेसीबल और रात में 45 डेसीबल है। व्यावसायिक क्षेत्रों में यह सीमा क्रमशः 65 और 55 डेसीबल है। शांत क्षेत्रों में दिन के लिए 50 और रात के लिए 40 डेसीबल निर्धारित हैं।

दिल्ली के कई इलाके शोर की समस्या से प्रभावित

जहांगीरपुरी, अशोक विहार, करोल बाग, कश्मीरी गेट, आनंद विहार, सोनिया विहार, वजीरपुर, मंदिर मार्ग, पंजाबी बाग, मुंडका और रोहिणी जैसे इलाकों का अध्ययन में उल्लेख किया गया है। शोध के मुताबिक, व्यस्त सड़कें, अधिक हॉर्न बजने वाले मार्ग और प्रमुख राजमार्ग शोर के महत्वपूर्ण स्रोत हैं।

रात के समय सड़कों और रेलवे स्टेशनों के आसपास की स्थिति भी ध्वनि स्तर को प्रभावित कर सकती है। ऐसे में अनावश्यक हॉर्न पर नियंत्रण और बेहतर यातायात प्रबंधन शोर कम करने की दिशा में उपयोगी कदम हो सकते हैं।

RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments