Burari Minor Girl Murder Case: दिल्ली के बुराड़ी इलाके में सूटकेस के अंदर एक 17 साल की नाबालिग लड़की का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मामला उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी थाना क्षेत्र के अजीत विहार का है। गली नंबर-1 के पास एक डार्क स्पॉट पर पुलिस को सूटकेस मिला, जिसे खोलने पर उसके अंदर एक नाबालिग बच्ची का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
चचेरे भाई को हिरासत में लिया
पुलिस ने मामले में मृतका के चचेरे भाई अविनाश 26 वर्षीय को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को अपनी चचेरी बहन के प्रेम प्रसंग का शक था। इसी शक के चलते उसने युवती की हत्या कर दी और शव को सूटकेस में बंद कर सुनसान जगह पर फेंक दिया।
नाइट चेकिंग के दौरान मिला सुराग
पुलिस के अनुसार, हत्याकांड का खुलासा उस समय हुआ जब आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के स्पेशल स्टाफ की टीम रात में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान युवक ने अपनी बहन की हत्या करने की बात कबूल कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर मिला सूटकेस
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही पर बुराड़ी के अजीत विहार में तलाशी ली। वहां एक सुनसान जगह से सूटकेस बरामद किया गया। सूटकेस खोलने पर उसके अंदर नाबालिग का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हत्या की वजह और तरीके की जांच
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को अपनी चचेरी बहन जिसकी उम्र महज 17 साल बताई जा रही है, के प्रेम प्रसंग का शक था। पुलिस अब हत्या की पूरी वजह, वारदात के तरीके और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है। आरोपी से फिलहाल पूछताछ जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
बिना शिकायत के सामने आया मामला
इस केस की खास बात यह है कि पुलिस के सामने हत्या का मामला उस समय आया, जब वारदात को लेकर कोई रिपोर्ट तक दर्ज नहीं हुई थी। संदिग्ध युवक से पूछताछ के बाद पुलिस को हत्या और शव ठिकाने लगाने की जानकारी मिली, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की गई।
Read More:

