External Affairs Minister S Jaishankar on Qatar Explosion: कतर के रास लफान इंडस्ट्रियल सिटी में रविवार रात हुए एक भीषण गैस पाइपलाइन धमाके में 12 भारतीय नागरिकों समेत 13 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा कतर के सबसे बड़े गैस उद्योग क्षेत्र में स्थित बरजान गैस प्लांट में हुआ, जहां सामान्य परिचालन के दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ और आग लग गई।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने जताया दुख
हादसे के बाद विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने गहरा दुख जताया । उन्होंने कहा, “कतर के रास लफान इंडस्ट्रियल सिटी में हुए विस्फोट में भारतीय नागरिकों सहित लोगों की जान जाने और उनके घायल होने की खबर से गहरा दुख हुआ है। जैसे-जैसे इस घटना से जुड़े और विवरण सामने आ रहे हैं, दोहा में हमारा भारतीय दूतावास कतर के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए है। इस त्रासदी से प्रभावित भारतीय नागरिकों के परिवारों तक सहायता पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं।”
Deeply saddened by the loss of lives and injuries, including of Indian nationals, in the explosion at Qatar’s Ras Laffan Industrial City.
As further details emerge, our Embassy continues to be in touch with Qatari authorities, and is reaching out to render assistance to the… https://t.co/tHifrYGvPT
— Dr. S. Jaishankar (@DrSJaishankar) June 22, 2026
शवों को जल्द भारत भेजने की तैयारी
दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार को पुष्टि की कि हादसे में मारे गए 12 भारतीयों के पार्थिव शरीरों को कानूनी प्रक्रिया पूरी होते ही भारत भेजने की कोशिश की जा रही है। दूतावास कतर प्रशासन के साथ संपर्क बनाकर प्रक्रिया को तेजी से पूरा कराने में जुटा है।
घायलों की हालत स्थिर
दूतावास ने बताया कि हादसे में घायल हुए सभी लोगों की स्थिति अब स्थिर है। उनका इलाज कतर के अस्पतालों में किया जा रहा है और उन्हें जरुरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
तकनीकी गड़बड़ी बनी वजह
कतर के ऊर्जा मंत्री साद बिन शेरिदा अल-काबी और गृह मंत्रालय के अनुसार यह हादसा रास लाफान स्थित ‘बरजान स्थानीय गैस आपूर्ति संयंत्र’ में हुआ। रविवार शाम संयंत्र में सामान्य कामकाज चल रहा था, तभी तकनीकी गड़बड़ी के कारण विस्फोट हुआ और देखते ही देखते भीषण आग फैल गई।
13 लोगों की मौत, 66 घायल
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक हादसे में कुल 13 लोगों की मौत हुई है, जिनमें 12 भारतीय और एक पाकिस्तानी नागरिक शामिल है। इसके अलावा 66 लोग घायल हुए हैं।
बचाव अभियान पूरा
कतर के गृह मंत्रालय ने बताया कि सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों और रास लाफान की आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। आग पर काबू पा लिया गया और प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित कर दिया गया।
पर्यावरण को खतरा नहीं
कतर प्रशासन ने कहा कि हादसे के कारण किसी भी हानिकारक गैस का रिसाव नहीं हुआ है। आसपास के लोगों की सुरक्षा और पर्यावरण पर कोई खतरा नहीं है। फिलहाल तकनीकी विशेषज्ञ विस्फोट के सटीक कारणों की जांच कर रहे हैं।
Read More:

