Punjab Municipal Election 2026: पंजाब में मंगलवार को 8 नगर निगमों, 75 नगर कौंसिल और 20 नगर पंचायतों के लिए मतदान जारी है। राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक सुबह 10 बजे तक करीब 13.5 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिन नगर निगमों में वोटिंग हो रही है उनमें बठिंडा, अबोहर, बटाला, बरनाला, कपूरथला, मोगा, पठानकोट और मोहाली शामिल हैं।
रायकोट में वोटिंग के दौरान झड़प
लुधियाना के रायकोट में मतदान के दौरान आम आदमी पार्टी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना में वार्ड नंबर-4 से कांग्रेस उम्मीदवार जगदेव सिंह जग्गा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि AAP विधायक हाकम ठेकेदार के समर्थकों ने कांग्रेस उम्मीदवार के हाथ-पैर तोड़ दिए।
बैलेट पेपर से हो रही वोटिंग
इस बार निकाय चुनाव EVM की बजाय बैलेट पेपर से कराए जा रहे हैं। मतदान सुबह 8 बजे शुरू हुआ, जो शाम 5 बजे तक चलेगा। चुनाव मैदान में कुल 7,555 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जबकि करीब 36.73 लाख मतदाता मतदान करेंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
चुनाव के दौरान किसी भी तरह की घटना को रोकने के लिए राज्यभर में करीब 35 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। राज्य चुनाव आयोग ने मतदान केंद्रों के अंदर 9 चीजों को ले जाने पर प्रतिबंध लगाया है। यहां तक कि स्विच ऑफ मोबाइल फोन भी अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई।
छुट्टी और शराब बिक्री पर रोक
निकाय चुनाव को देखते हुए पंजाब में सरकारी छुट्टी घोषित की गई है। इसके साथ ही मतदान के दौरान शराब की बिक्री पर भी रोक लगाई गई है। प्रशासन का कहना है कि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
Read More:
‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के तहत पंजाब में हाई-रिस्क डिलीवरी और नवजात शिशु देखभाल को मिला बड़ा सहारा

