HomeBreaking Newsरिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि होंगे भारत के नए CDS,...

रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि होंगे भारत के नए CDS, तीनों सेनाओं पर रहेगा कंट्रोल, जनरल अनिल चौहान कब होंगे रिटायर?

New CDS Lieutenant General N S Raja Subramani: भारत सरकार ने रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि को देश का नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) नियुक्त किया है। सरकार की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, वह कार्यभार संभालने की तारीख से अगले आदेश तक डिपार्टमेंट ऑफ मिलिट्री अफेयर्स के सचिव की जिम्मेदारी भी निभाएंगे। मौजूदा CDS जनरल अनिल चौहान 30 मई 2026 को रिटायर हो रहे हैं, जिसके बाद एन एस राजा सुब्रमणि यह अहम पद संभालेंगे।

NSCS में निभा रहे थे बड़ी जिम्मेदारी

एन एस राजा सुब्रमणि फिलहाल 1 सितंबर 2025 से राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (NSCS) में मिलिट्री एडवाइजर के तौर पर काम कर रहे हैं। इससे पहले वह 1 जुलाई 2024 से 31 जुलाई 2025 तक भारतीय सेना के वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ रह चुके हैं। वहीं मार्च 2023 से जून 2024 तक उन्होंने सेंट्रल कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में भी सेवाएं दी थीं। लंबे सेना के अनुभव और रणनीतिक नजरिए को देखते हुए सरकार ने उन्हें देश का अगला CDS चुना है।

39 साल का लंबा सैन्य अनुभव

लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि ने भारतीय सेना में करीब 39 वर्षों तक सेवा दी है। वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ के पद से रिटायर होने के बाद भी उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के रूप में अहम भूमिका निभाई। रक्षा मामलों और सैन्य रणनीति में उनकी गहरी समझ को भारतीय सेना में काफी अहम माना जाता है।

NDA और IMA से मिली सैन्य ट्रेनिंग

एन एस राजा सुब्रमणि ने शुरुआती शिक्षा पूरी करने के बाद नेशनल डिफेंस अकादमी और इंडियन मिलिट्री अकादमी से सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त किया। उन्होंने किंग्स कॉलेज लंदन से मास्टर ऑफ आर्ट्स की डिग्री हासिल की है। इसके अलावा मद्रास विश्वविद्यालय से रक्षा अध्ययन में एम.फिल. भी किया है।

गढ़वाल राइफल्स से शुरू हुआ सेना में करियर

एन एस राजा सुब्रमणि को दिसंबर 1985 में भारतीय सेना की गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट में कमीशन मिला था। अपने करियर के दौरान उन्होंने देश की उत्तरी और पश्चिमी सीमाओं पर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। ऑपरेशनल तैयारियों और सुरक्षा रणनीतियों में उनकी भूमिका को काफी अहम माना जाता है।

मध्य कमान से लेकर सेना उप प्रमुख तक का सफर

मार्च 2023 से जून 2024 तक वह लखनऊ स्थित भारतीय सेना की मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ रहे। इसके बाद जुलाई 2024 में उन्हें भारतीय सेना का 47वां उप प्रमुख बनाया
गया। इस पद पर उन्होंने जुलाई 2025 तक सेवाएं दीं और सेना के आधुनिकीकरण तथा रणनीतिक योजनाओं में जरुरी योगदान दिया।

कई बड़े सैन्य सम्मानों से हो चुके हैं सम्मानित

देश के लिए बेहतरीन सेवा और नेतृत्व क्षमता के चलते एन एस राजा सुब्रमणि को कई प्रतिष्ठित सैन्य सम्मान मिल चुके हैं। इनमें परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM), अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM), सेना मेडल (SM) और विशिष्ट सेवा मेडल (VSM) शामिल हैं। भारतीय सेना में उन्हें अनुशासन, अच्छी लीडरशिप और रणनीतिक सोच के लिए जाना जाता है।

Read More:

भगवंत मान सरकार की ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना’ के तहत कैशलेस इलाज से पंजाब में 5000 से अधिक दिल के मरीजों की बचाई गई जान

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments