पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना द्वारा चलाए गए Operation Sindoor को गुरुवार को एक वर्ष पूरा हो गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी(PM Modi) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित कई बड़े नेताओं ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रोफाइल तस्वीर बदलकर ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी तस्वीर लगाई और सेना के साहस को सलाम किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा संदेश में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की स्पष्ट और मजबूत नीति को दुनिया के सामने रखा। उन्होंने कहा कि एक साल बाद भी भारत आतंकवाद और उसे समर्थन देने वाले तंत्र के खिलाफ अपनी लड़ाई में पूरी मजबूती से खड़ा है।
PM ने की सशस्त्र बलों की सराहना
PM ने भारतीय सशस्त्र बलों की सराहना करते हुए कहा कि सेना ने अभियान के दौरान साहस, सटीक रणनीति और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि पहलगाम में निर्दोष नागरिकों पर हमला करने वालों को भारतीय जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया और पूरा देश उनकी वीरता पर गर्व करता है।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि इस अभियान ने भारतीय सेनाओं की पेशेवर क्षमता, त्वरित कार्रवाई और आपसी तालमेल को उजागर किया। उनके मुताबिक, ऑपरेशन सिंदूर ने यह साबित किया कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में देश की बढ़ती ताकत राष्ट्रीय सुरक्षा को और मजबूत बना रही है।
अमित शाह ने बताया ऐतिहासिक अभियान
गृह मंत्री अमित शाह ने भी ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर अपनी प्रोफाइल फोटो बदली और इसे भारत के लिए एक ऐतिहासिक अभियान बताया। उन्होंने कहा कि यह मिशन दुश्मनों को भारतीय सेना की ताकत और सटीक कार्रवाई की याद हमेशा दिलाता रहेगा। शाह ने कहा कि यह अभियान भारतीय सुरक्षा एजेंसियों की सटीक खुफिया जानकारी, सेनाओं की मारक क्षमता और मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति का उदाहरण था।
उनके अनुसार, सीमा पार आतंकवाद को समर्थन देने वाले ठिकानों पर की गई कार्रवाई ने साफ संदेश दिया कि भारत अपने नागरिकों की सुरक्षा से समझौता नहीं करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि देश के दुश्मन चाहे कहीं भी छिपे हों भारतीय सुरक्षा एजेंसियां और सेनाएं उन पर नजर बनाए रखती हैं और जरूरत पड़ने पर निर्णायक कार्रवाई करने में सक्षम हैं।