Noida Workers Labour Rules: उत्तर प्रदेश सरकार ने निजी कंपनियों में काम करने वाले श्रमिकों को बड़ी राहत देते हुए नए श्रम नियम लागू किए हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गौतम बुद्ध नगर प्रशासन ने ओवरटाइम, वेतन और बोनस को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह फैसला नोएडा में कर्मचारियों द्वारा लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शन और वेतन में देरी की शिकायतों के बीच लिया गया है।
ओवरटाइम करवाने पर करना होगा भुगतान
जिलाधिकारी मेहा रूपम ने औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में स्पष्ट किया कि अब श्रमिकों से ओवरटाइम काम लेने पर उन्हें सामान्य मजदूरी से दोगुना भुगतान करना होगा। ओवरटाइम राशि में किसी भी तरह की कटौती की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही सभी कंपनियों को सप्ताह में एक दिन की छुट्टी देना अनिवार्य किया गया है। यदि किसी कर्मचारी से रविवार को काम लिया जाता है, तो उसे दोगुनी मजदूरी दी जाएगी।
10 तारीख तक सैलरी देना जरुरी
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, प्रशासन ने वेतन भुगतान की प्रक्रिया को भी पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए हैं। अब सभी कंपनियों को हर महीने की 10 तारीख तक कर्मचारियों को एकमुश्त वेतन देना होगा। साथ ही, वेतन पर्ची देना भी अनिवार्य किया गया है, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।
बोनस सीधे बैंक खाते में आएगा
प्रशासन ने बोनस भुगतान को लेकर भी समयसीमा तय की है। निर्देशों के अनुसार, सभी कर्मचारियों के बैंक खातों में 30 नवंबर तक बोनस की राशि सीधे जमा करानी होगी। इससे भुगतान में पारदर्शिता बढ़ाने और कर्मचारियों को समय पर लाभ देने का उद्देश्य है।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए सख्त कदम
कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी नए नियम लागू किए गए हैं। सभी औद्योगिक इकाइयों को यौन उत्पीड़न के मामलों के निपटारे के लिए आंतरिक शिकायत समिति बनानी होगी, जिसकी अध्यक्ष महिला सदस्य होंगी। इसके अलावा, कार्यस्थलों पर शिकायत पेटियां लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम स्थापित
श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन ने एक कंट्रोल रूम भी शुरू किया है। कर्मचारी हेल्पलाइन नंबर के जरिए अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे, जिनका त्वरित निपटारा किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि इन नियमों के पालन की नियमित निगरानी होगी और उल्लंघन करने वाली कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन के बीच लागू हुए नए नियम
गौरतलब है कि नोएडा के फेस-2 औद्योगिक क्षेत्र में कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारी सैलरी में देरी और कंपनियों की मनमानी के खिलाफ सड़कों पर उतरे थे। सोमवार सुबह भी प्रदर्शन जारी रहा, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया। प्रशासन का कहना है कि इन नए नियमों के जरिए श्रमिकों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी और गौतम बुद्ध नगर को श्रम सुधारों का मॉडल जिला बनाया जाएगा।
Read More:

