Jammu & Kashmir Landslide: जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम के चलते हालात बिगड़ गए हैं। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर कई जगहों पर भूस्खलन होने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है। शनिवार को लगातार बारिश के कारण रामबन जिले में सड़क पर पत्थर गिरने लगे, जिससे हाईवे बाधित हो गया।
कई संवेदनशील इलाके हुए प्रभावित
भूस्खलन का सबसे ज्यादा असर गंगरू, हिंगनी और शालगड़ी सुरंग क्षेत्रों में देखा गया है। इन इलाकों में पहाड़ों से पत्थर गिरने और मिट्टी धंसने की घटनाएं सामने आई हैं। इसके अलावा मेहर के पास भी भूस्खलन होने से रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है।
दोनों तरफ से ट्रैफिक रोका गया
प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए हाईवे पर दोनों ओर से यातायात बंद कर दिया है। इसके चलते कई ट्रक और यात्री वाहन रास्ते में फंस गए हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि जरूरी न हो तो यात्रा से बचें और मौसम की स्थिति की जानकारी लेकर ही सफर करें।
मलबा हटाने में जुटी टीमें
हाईवे अथॉरिटी और प्रशासन की टीमें लगातार मलबा हटाने का काम कर रही हैं। हालांकि, बारिश और लगातार गिरते पत्थरों के कारण राहत कार्य में दिक्कतें आ रही हैं, जिससे हाईवे को खोलने में समय लग सकता है।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 10 अप्रैल तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। आज कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश या ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।
आगे के दिनों का पूर्वानुमान
5 और 6 अप्रैल को आंशिक बादल और हल्की बारिश की संभावना है। 7 और 8 अप्रैल को कई जगहों पर बारिश, बर्फबारी, तेज हवाएं और गरज के साथ मौसम खराब रह सकता है। 9 से 11 अप्रैल के बीच कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी जारी रह सकती है, जबकि 12 से 15 अप्रैल के बीच मौसम सामान्य और शुष्क रहने की उम्मीद है।
IGNOU Admission 2026 आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ी, असाइनमेंट जमा करने के लिए भी बढ़ाई समय-सीमा

