सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। रेलवे भर्ती बोर्ड ने असिस्टेंट लोको पायलट के 11,127 पदों पर भर्ती के लिए शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के जरिए देशभर के विभिन्न रेलवे जोनों में बड़े स्तर पर नियुक्तियां की जाएंगी।
रेलवे मंत्रालय के अनुसार, यह फिलहाल एक इंडिकेटिव नोटिस है, जिससे उम्मीदवार पहले से अपनी तैयारी शुरू कर सकें। विस्तृत नोटिफिकेशन जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा, जिसमें सभी जरूरी जानकारी जैसे परीक्षा पैटर्न, सिलेबस और जोन-वाइज वैकेंसी का विवरण उपलब्ध होगा।
आवेदन की तारीख और प्रक्रिया
असिस्टेंट लोको पायलट भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 मई 2026 से शुरू होगी। इच्छुक उम्मीदवार 14 जून 2026 रात 12 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे, जिसके लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक पोर्टल पर जाकर फॉर्म भरना होगा।
पदों का विवरण और वेतन
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 11,127 पद भरे जाएंगे। चयनित उम्मीदवारों को पे लेवल-2 के तहत 19,900 रुपये की शुरुआती सैलरी दी जाएगी, साथ ही अन्य सरकारी भत्ते भी मिलेंगे। पदों का वितरण अलग-अलग रेलवे जोनों में किया जाएगा।
योग्यता और आयु सीमा
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना अनिवार्य है। साथ ही संबंधित ट्रेड में ITI सर्टिफिकेट होना चाहिए। इसके अलावा मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स या ऑटोमोबाइल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा या डिग्री रखने वाले उम्मीदवार भी आवेदन के पात्र हैं।
आयु सीमा की बात करें तो न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 30 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में किया जाएगा। सबसे पहले कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT-1) होगा, इसके बाद CBT-2 आयोजित किया जाएगा। सफल उम्मीदवारों को कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट देना होगा। इन चरणों को पास करने के बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट के जरिए अंतिम चयन किया जाएगा।
कुल मिलाकर, रेलवे की यह भर्ती उन युवाओं के लिए बड़ा अवसर है, जो लंबे समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं।