उत्तर कोरिया ने शनिवार को प्योंगयांग के पास सुनान इलाके से समुद्र की ओर कम से कम 10 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इससे एशिया-प्रशांत क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। यह प्रक्षेपण ऐसे समय हुआ है जब कुछ दिन पहले ही देश के नेता किम जोंग उन ने अपने नए युद्धपोत से क्रूज प्रोजेक्टाइल के परीक्षण की निगरानी की थी। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच एक अहम घटनाक्रम है।
जापान के समुद्री क्षेत्र के गिरीं मिसाइलें
जापान के कोस्ट गार्ड के अनुसार उत्तर कोरिया द्वारा दागी गईं मिसाइलें समुद्र में गिरी। जापान के सार्वजनिक प्रसारक एनएचके ने रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी के हवाले से बताया कि यह प्रोजेक्टाइल जापान के विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) के बाहर समुद्री इलाके में गिरा।
सैन्य अभ्यास के दौरान हुआ परीक्षण
यह प्रक्षेपण उस समय हुआ है जब अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच 9 मार्च से 19 मार्च तक वार्षिक संयुक्त सैन्य अभ्यास चल रहा है। उत्तर कोरिया लंबे समय से इन अभ्यासों का विरोध करता रहा है और इन्हें अपने खिलाफ युद्ध की तैयारी बताता रहा है।
परमाणु शक्ति के रूप में मान्यता की मांग
हाल के महीनों में उत्तर कोरिया ने अमेरिका से उसे परमाणु शक्ति संपन्न देश के रूप में मान्यता देने की मांग भी की है। यह मुद्दा सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी की कांग्रेस के दौरान भी उठाया गया था, जहां देश की सुरक्षा रणनीति और परमाणु नीति पर चर्चा की गई।
ईरान पर अमेरिकी हमले की आलोचना
उत्तर कोरिया ने हाल ही में ईरान पर अमेरिका के हमले की भी कड़ी आलोचना की है। प्योंगयांग ने इस कार्रवाई को अमेरिका का ‘बेशर्म कदम’ बताते हुए इसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निंदा की और इसे क्षेत्रीय स्थिरता के लिए खतरा बताया।
Read More

