अपने बेटे सिद्धू मूसेवाला को न्याय दिलाने की मांग को लेकर उनके माता-पिता एक बार फिर प्रशासन के दरवाजे पर पहुंचे। पंजाबी गायक के पिता बलकौर सिंह और माता चरण कौर बठिंडा में DIG हरजीत सिंह से मिलने पहुंचे, लेकिन कार्रवाई न होने से नाराज होकर वे एसएसपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। इस दौरान उनके साथ उनका छोटा बेटा भी मौजूद था।
पुलिस पर लापरवाही के आरोप
बलकौर सिंह ने आरोप लगाया कि वर्ष 2025 में उन्होंने डीजीपी को एक लिखित शिकायत देकर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में शामिल तीन अन्य लोगों के नाम सौंपे थे और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। उनका कहना है कि यह शिकायत मानसा पुलिस तक पहुंच चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गैंगस्टरों पर सख्त कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने ढिलाई बरती। यहां तक कि कुछ आरोपियों के पुलिस हिरासत से फरार होने पर भी उन्होंने सवाल उठाए। बलकौर सिंह का कहना है कि परिवार को अब तक न्याय नहीं मिला है और वे लगातार इंसाफ की लड़ाई लड़ रहे हैं।
2022 में हुई थी सिद्धू मूसेवाला की हत्या
गौरतलब है कि सिद्धू मूसेवाला की 29 मई 2022 को मानसा जिले के गांव जवाहरके में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने अमृतसर में मुठभेड़ के दौरान दो शूटरों-जगरूप रूपा और मनु कुसा-को मार गिराया था।
इस केस में आरोपी लॉरेंस बिश्नोई और जग्गू भगवानपुरिया की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चल रही है। बलकौर सिंह लगातार अदालत में उपस्थित होकर अपने बेटे के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं। उन्होंने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि उनके बेटे को आखिरकार इंसाफ जरूर मिलेगा।