Mumbai Goregaon Murder Case: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के गोरेगांव इलाके से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां पत्नी के प्रेम संबंध के शक में एक पति ने पत्नी के सामने ही उसके प्रेमी की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि आरोपी वारदात के बाद जंगल में भाग गया। हालांकि पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को था पत्नी पर शक
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान 48 वर्षीय भीमराज ओमप्रकाश शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि भीमराज को लंबे समय से अपनी पत्नी और विकास भुसारे के बीच कथित प्रेम संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद और झगड़े होते रहते थे।
पहले भी हो चुकी थी शिकायत
जानकारी के मुताबिक कुछ समय पहले विकास भुसारे ने आरोपी की पत्नी के साथ छेड़छाड़ किए जाने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी। इसके बावजूद भीमराज का शक कम नहीं हुआ और वह लगातार विकास को लेकर गुस्से में रहने लगा। पुलिस को आशंका है कि इसी तनाव ने बाद में हत्या की साजिश का रूप ले लिया।
शराब पार्टी के दौरान बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि घटना वाली रात आरोपी ने विकास को अपने घर बुलाया था। देर रात तक भीमराज, उसकी पत्नी और विकास एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान बातचीत के बीच पुरानी बातों को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया।
‘दोबारा मत दिखना’ कहकर किया हमला
जानकारी के अनुसार शराब के नशे में भीमराज का गुस्सा बेकाबू हो गया। उसने विकास से कहा, ‘तुम मेरे घर बार-बार क्यों आते हो, आगे से यहां मत दिखना।’ इसके बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान भीमराज घर से चाकू लेकर आया और पत्नी के सामने ही विकास के गले पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से विकास की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद जंगल में छिपा आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी आरे कॉलोनी के घने जंगलों की ओर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आरे पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर जंगल में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
तीन घंटे में पुलिस ने दबोचा
मुंबई पुलिस ने लगातार तलाशी अभियान चलाते हुए आरोपी को करीब तीन घंटे के भीतर पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान भीमराज ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे के पूरे घटनाक्रम और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
इलाके में फैली दहशत
दिनदहाड़े हुए इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद गोरेगांव इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग भी इस घटना से हैरान हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही चार्जशीट तैयार की जाएगी।
Read More:

