Jammu-Kashmir and Assam Earthquake: दुनियाभर में गुरुवार को भूकंप के झटकों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। एक ओर वेनेजुएला और जापान में तेज भूकंप से लोगों में हाहाकार मच गया है तो, वहीं भारत में भी जम्मू-कश्मीर और असम के कई इलाकों में धरती कांपी। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के पुलवामा और असम के गोलपारा और उदलगुरी जिलों में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। हालांकि शुरुआती रिपोर्टों में किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
पुलवामा में सुबह आया भूकंप
जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में 25 जून की सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.5 मापी गई। यह भूकंप भारतीय समयानुसार सुबह 2:36:49 बजे आया। इसका केंद्र 33.913 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 75.095 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था, जबकि इसकी गहराई जमीन से 15 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई। फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
असम के दो जिलों में कांपी धरती
असम में गुरुवार तड़के दो अलग-अलग जगहों पर भूकंप के झटके दर्ज किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार पहला भूकंप गोलापारा क्षेत्र में रात 12:34 बजे आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.7 मापी गई और इसकी गहराई 12 किलोमीटर थी। वहीं दूसरा भूकंप उदलगुरी जिले में रात 1:13 बजे दर्ज किया गया। इसकी तीव्रता 2.5 रही और इसका केंद्र जमीन से 9 किलोमीटर की गहराई में था। दोनों घटनाओं में किसी तरह के नुकसान या हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
सुबह-सुबह घरों से बाहर निकले लोग
भूकंप के झटके महसूस होते ही कई इलाकों में लोग घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। हालांकि झटकों की तीव्रता अधिक नहीं थी, लेकिन अचानक आए कंपन से लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।
वेनेजुएला में भारी तबाही की आशंका
हालांकि दुनिया के कई हिस्सों में आए भूकंप ने चिंता बढ़ा दी है। दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचाई। स्थानीय समय के अनुसार दोनों झटके लगभग एक मिनट के अंतराल पर आए, जिससे राजधानी कराकास समेत कई इलाकों में इमारतें ढह गईं और बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ। विशेषज्ञ इसे पिछले एक सदी में वेनेजुएला में आए सबसे ताकतवर भूकंपों में से एक मान रहे हैं।
22 मंजिला इमारत ढहने से बढ़ी चिंता
वेनेजुएला में आए तेज भूकंप का असर इतना गंभीर था कि एक 22 मंजिला इमारत भी ढह गई। भूकंप के बाद राजधानी कराकास में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग घरों तथा दफ्तरों से निकलकर सड़कों पर आ गए। कई इलाकों में भवनों, सड़कों और अन्य ढांचों को नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आई हैं।
जापान में भी महसूस हुए तेज झटके
वहीं जापान में भी 6.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप के झटकों के बाद कई इलाकों में लोगों के बीच दहशत फैल गई। हालांकि तुरंत किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।
नेपाल में भी भूकंप
नेपाल में भी गुरुवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप विज्ञान संबंधी आंकड़ों के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.8 दर्ज की गई और यह सुबह 5:21:43 बजे आया। इससे पहले हुमला जिले में भी 4.1 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। हालांकि दोनों घटनाओं में किसी बड़े नुकसान या हताहत की सूचना नहीं मिली है।
Read More:

